पश्चिम मध्य रेलवे जोन भोपाल मंडल के अधिकारी अजय ताम्रकर को सीबीआई ने 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ा है। इटारसी में सीनियर डिवीजनल मेकेनिकल इंजीनियर डीजल के पद पर पदस्थ अजय ताम्रकर ने चपरासी को नौकरी में पक्का करने का लालच दिया था, बदले में 3.5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
सीबीआई भोपाल की टीम को पश्चिम मध्य रेलवे जोन के भोपाल मंडल के सीनियर डिवीजनल मैकेनिकल इंजीनियर डीजल अजय ताम्रकर के नौकरी में पक्का करने के लिए रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। ताम्रकर अपने बंगले के चपरासी की नौकरी में पक्का करने 3.5 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत को पुख्ता करने के बाद सीबीआई की टीम रविवार को इटारसी पहुंची। शाम 4 बजे शिकायकर्ता रिश्वत की पहली किश्त लेकर अजय ताम्रकर के बंगले पहुंचा, जहां सीबीआई ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। फिलहाल सीबीआई की कार्रवाई जारी है।