दुर्घटनाग्रस्त विमान के शिफ्ट नहीं होने के कारण रविवार को एयरपोर्ट बंद रहा।
- फोटो : अमर उजाला
जबलपुर एयरपोर्ट में शनिवार की दोपहर लैंडिंग के समय टायर फटने के कारण विमान रन-वे से नीचे उतर गया था। मुंबई व दिल्ली से आई डीजीसीए की टीम ने रविवार को एयरपोर्ट पहुंचकर जांच प्रारंभ की। दुर्घटनाग्रस्त विमान के शिफ्ट नहीं होने के कारण रविवार को एयरपोर्ट बंद रहा।
एयरपोर्ट डायरेक्टर कुसुम दास के अनुसार शनिवार को अलांइस एयर का विमान दिल्ली से जबलपुर के लिए रवाना हुआ था। जबलपुर में लैंडिंग करते समय विमान रन-वे से नीचे उतर गया। घटना के कारण एयरपोर्ट को अस्थाई रूप से बंद कर सभी उड़ान रद्द कर दी गई थीं। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई थी।
विमान का अगला टायर फट गया है और रन-वे से उतरने के बाद वह जमीन में धंस गया है। रविवार को विमान का एक पहिया बदला गया और दूसरे पहिये को सुधारने का कार्य जारी है। सोमवार को दो पहिये बदलकर विमान को सुरक्षित स्थान में शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसके बाद एयरपोर्ट से फिर से उड़ान प्रारंभ होगी। घटना की जांच के लिए डीजीसीए की मुंबई व दिल्ली से टीम एयरपोर्ट पहुंची। टीम के सदस्यों के दुर्घटना के कारण की जांच शुरू कर दी है।