मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने पत्थर से शराबबंदी अभियान की शुरुआत कर दी है। रविवार को उमा भारती ने भेल के बरखेड़ी स्थित शराब की दुकान में घुस पर पत्थर मारकर बोतलें फोड़ दी। प्रशासन को 7 दिन में दुकान बंद करने की चेतावनी दी।
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने शुक्रवार को कहा था कि वह शराबबंदी अभियान में किसी भी शराब की दुकान के सामने खड़े होकर विरोध करेंगी। रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री भेल स्थित बरखेड़ी की एक शराब दुकान पर अपने समर्थकों के साथ पहुंचीं। उमा भारती ने शराब दुकान के अंदर घुस कर हाथ में रखे पत्थर से शराब की बोतलों में मारा। इस पर उनके समर्थकों ने भारत माता और जय श्रीराम के नारे लगाए। वहीं, इस पर कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि 7 राज्यों में जीत के बाद एमपी में मुख्यमंत्री की दावेदारी शुरू हो गई है। बता दें गुरुवार को ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उमा भारती से उनके घर पर जाकर मुलाकात की थी। उन्होंने उमा भारती को सरकार के शराबमुक्ति के शुरू होने वाले जनजागरण अभियान में शामिल होने को अनुरोध किया था।
उमा बोली- महिलाओं को लज्जित करते हैं लोग
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि सोशल मीडिया पर शराब दुकान में पत्थर फेंकने के बाद कहा कि यह मजदूरों की बस्ती हैं, पास में मंदिर है, छोटे बच्चों के स्कूल है। जब लड़कियां और महिलाएं छतों पर खड़ी होती हैं तो शराब पिए हुए लोग उनके तरफ मुंह करके लघुशंका करने खड़े होकर उनको लज्जित करते हैं। उन्होंने कहा कि मजदूरों की पूरी कमाई इन दुकानों में फुंक जाती है। यहां के निवासियों एवं महिलाओं ने आपत्तियां कीं, विरोध में धरने दिए क्योंकि यह दुकान सरकारी नीति के खिलाफ है। इसलिए प्रशासन ने हर बार बंद करने का आश्वासन दिया, लेकिन कई साल हो गए यह नहीं हो पाया। आज मैंने प्रशासन को एक हफ्ते के अंदर दुकान एवं आहता बंद करने की चेतावनी दी है।
कांग्रेस का तंज- एमपी में मुख्यमंत्री की दावेदारी शुरू
कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा ने कहा कि 5 राज्यों में जीत के बाद मध्य प्रदेश में सत्ता संग्राम (मुख्यमंत्री की दावेदारी) शुरू हो गया है। उन्होंने लिखा कि एक ने झाड़ू लेकर की सफाई, उमा भारती जी का शराब की दुकान पर पथराव, हमला! उन्होंने कहा कि उमा जी शराब बेचने वालो पर नहीं, बिकवाने वालों पर कीजिए। शुभकामनाएं।