article 370 impact jammu kashmir
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के बाद कई तरह की प्रतिक्रिया सामने आ रही है। इसी कड़ी में एक वामपंथी नेता के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। वामपंथी नेता पर अनुच्छेद 370 हटाने को संविधान विरोधी कार्रवाई बताने वाली एक किताब बेचने का आरोप है।
पड़ाव पुलिस थाना प्रभारी प्रशांत यादव ने बुधवार को बताया कि कुछ लोगों ने तीन सितंबर को शिकायत की थी कि शहर के फूलबाग इलाके में एक किताब ‘धारा-370 सेतु या सुरंग’ बेची जा रही है। इसे भोपाल के लोकजतन प्रकाशन ने प्रकाशित किया है और इसे सीटू से जुड़े नेता शेख अब्दुल गनी बेच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस फूलबाग पर पहुंची और पुस्तक का विक्रय बंद कराया। थाना प्रभारी ने कहा कि पुस्तक में कुछ बातें आपत्तिजनक बातें हैं, इसमें कहा गया है कि अनुच्छेद 370 हटाने पर संविधान छिन्न-भिन्न हो गया है। इस किताब को सीपीआई (एम) के महासचिव जसविंदर सिंह ने लिखा है। उन्होंने बताया कि गनी के खिलाफ धारा 153 के तहत मामला दर्ज किया गया है और जल्दी ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।