फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भोपाल: केयरटेकर ही निकली बुजुर्ग पर हमले की मास्टरमाइंड, प्रेमी और दोस्त से कराया हमला; मृत समझकर भागे आरोपी

Sat, 26 Sep 2026 08:54 AM IST
भोपाल ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

सार

भोपाल के अवधपुरी में रिटायर्ड माइनिंग अधिकारी मोहन चौधरी पर दिनदहाड़े हथौड़े से हमला करने के मामले में पुलिस ने केयरटेकर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, उसने प्रेमी और उसके दोस्त से वारदात कराई। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं।
विज्ञापन
सांकेतिक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी भोपाल के अवधपुरी स्थित न्यू श्रीराम परिसर फेस-3 में शुक्रवार को दिनदहाड़े रिटायर्ड माइनिंग अधिकारी पर हुए हमले की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, वारदात की साजिश घर की केयरटेकर ने रची थी। उसने अपने सिवनी मालवा निवासी प्रेमी और उसके दोस्त को बुजुर्ग के घर भेजा था। दोनों आरोपियों ने बुजुर्ग पर हमला किया और उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने केयरटेकर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके प्रेमी और साथी की तलाश जारी है।

विज्ञापन


बुजुर्ग के सिर पर हथौड़े से किया वार
पुलिस के अनुसार, न्यू श्रीराम परिसर निवासी मोहन चौधरी (71) पन्ना डायमंड प्रोजेक्ट से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं। वह अपनी पत्नी कमला और बेटे आनंद के साथ रहते हैं। कमला के कूल्हे का ऑपरेशन हुआ है और वह चलने-फिरने में असमर्थ हैं। उनकी देखभाल के लिए परिवार ने सात सितंबर से समीक्षा नाम की महिला को केयरटेकर रखा था। उनका बेटा आनंद मैनिट से पीएचडी की तैयारी कर रहा है।

शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे आनंद कॉलेज चला गया था। करीब 11 बजे समीक्षा ग्राउंड फ्लोर पर कमला को नहलाने के लिए गई थी। इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाश घर में दाखिल हो गए। पहली मंजिल पर मौजूद मोहन चौधरी का दोनों आरोपियों से सामना हो गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।

पढ़ें: खंडवा में गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा: गहरे तालाब में डूबे 5 युवक, तीन को बचाया गया; दो सगे भाइयों की मौत

बुजुर्ग के शोर मचाने पर आसपास के लोग घर की ओर आने लगे। पड़ोसियों को आता देख दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की। इसी दौरान एक आरोपी ने मोहन चौधरी के सिर पर हथौड़े से जोरदार वार कर दिया। सिर से खून निकलने के बाद बुजुर्ग बेहोश होकर जमीन पर गिर गए। दोनों आरोपी उन्हें मृत समझकर बाइक से मौके से फरार हो गए।

विज्ञापन


जांच में सामने आई केयरटेकर की भूमिका
घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोसी मौके पर पहुंचे और घायल मोहन चौधरी को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर अवधपुरी पुलिस भी मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में मामला घर में घुसकर लूट की कोशिश का लग रहा था, लेकिन घर की तलाशी और जांच में लूट की पुष्टि नहीं हुई।

इसके बाद पुलिस ने घर में काम करने वाली केयरटेकर समीक्षा से पूछताछ शुरू की। पूछताछ में उसकी भूमिका संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में समीक्षा ने वारदात में अपने प्रेमी और उसके दोस्त के शामिल होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अब उसके प्रेमी और साथी की तलाश की जा रही है।

घटना से रहवासियों में आक्रोश
दिनदहाड़े रिहायशी इलाके में बुजुर्ग पर हमले की घटना के बाद न्यू श्रीराम परिसर और आसपास की कॉलोनियों के रहवासियों में आक्रोश है। रहवासियों का आरोप है कि इलाके में पिछले कई दिनों से चोरी की घटनाएं हो रही हैं। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से बदमाशों के हौसले बढ़े हैं। रहवासियों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की है

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें