जमीन पर बैठे मंत्री तुलसी सिलावट।
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के शाहपुर में पहुंचे प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट को युवाओं के आक्रोश का सामना करना पड़ा। मंत्री सिलावट शाहपुर नगर परिषद में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान पास के एक गणेश पंडाल से जुड़े युवाओं ने उन्हें घेर लिया। आक्रोशित युवाओं का कहना था कि वे सभी भाजपा से जुड़े हुए हैं। उनके जिले में सांसद और विधायक भाजपा के हैं, प्रदेश और केंद्र में भी भाजपा की सरकार है। इसके बाद भी पूरे गणेश उत्सव में उन्हें डीजे बजाने की अनुमति नहीं दी गई।
गणेश पंडाल से जुड़े युवाओं ने मंत्री सिलावट से कहा कि अब आप हारे बीच में हैं तो आप ही बताइएं कि हमारे साथ ऐसा क्यों हो रहा है। इस दौरान वहां मौजूद युवा नेता गजेंद्र पाटिल ने युवाओं को समझाते हुए मामले को शांत करवाने का प्रयास किया, लेकिन उनमें काफी नाराजगी थी। ऐसे में मामला बढ़ता देख मंत्री तुलसीराम सिलावट भी गणेश मंडल के युवाओं के साथ फर्श पर बैठ गए। इस दौरान आक्रोशित युवाओं ने गणपति बप्पा मोरया... के नारे लगाए, मंत्री सिलावट ने भी बप्पा के जयकारे लगाकर उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि, काफी देर तक युवा अपनी बात पर अड़े रहे। इसके बाद सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के भतीजे गजेंद्र पाटिल ने युवाओं को समझाया कि यह सुप्रीम कोर्ट का आदेश है। इसका पालन करना हम सबकी जिम्मेदारी है।
गौरतलब है कि गणेश उत्सव के दौरान बुरहानपुर पुलिस ने बैठक लेकर समझाइश दी थी कि पर्व के दौरान डीजे का उपयोग नहीं किया जा सकता। पुलिस ने इस संबंध में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी। इसके बाद से किसी भी गणेश पंडाल ने डीजे का उपयोग नहीं किया। पुलिस की चेतावनी के बाद भी ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। पुलिस ने दो दिन पहले खकनार थाना क्षेत्र में एक डीजे वाहन बजते हुए पाया गया, जिस पर बोलेरो चालक और डीजे संचालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया। साथ ही वाहन और साउंड सिस्टम भी जब्त कर लिया था।