बुरहानपुर के झांझर गांव में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस टीम पर करीब 150 लोगों ने पथराव कर दिया। इस घटना में चार लोग घायल हुए हैं।जेसीबी भी पलट गई। तनाव के बीच भारी फोर्स तैनात कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, लंबे समय से वन विभाग इस क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की तैयारी कर रहा था। रविवार को जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, झांझर गांव में विरोध तेज हो गया और करीब 150 लोगों ने टीम पर हमला कर दिया। इस अभियान में निमाड़ के चार जिलों से आए वन अमले और स्थानीय पुलिस बल को तैनात किया गया था। शनिवार शाम को ही बुरहानपुर पुलिस लाइन में भारी फोर्स जुटा ली गई थी।
डीएफओ विद्याभूषण सिंह के मुताबिक, नेपानगर रेंज में चिन्हित बाहरी अतिक्रमणकारियों को हटाने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। इसमें बुरहानपुर के साथ खंडवा, खरगोन और बड़वाह के वनकर्मी भी शामिल हैं। करीब 500 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी जेसीबी और अन्य संसाधनों के साथ मौके पर मौजूद हैं।
पढ़ें: विजयपुर के पास मालगाड़ी इंजन में लगी आग: 11 घंटे ठप रहा रेल यातायात, लोको पायलटों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
वन विभाग के एसडीओ अजय सागर ने बताया कि टीम नियमानुसार अतिक्रमण हटाने पहुंची थी, लेकिन कुछ लोगों ने विरोध करते हुए पथराव कर दिया। फिलहाल घायल चालक की हालत स्थिर बताई जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध कटाई और अतिक्रमण की घटनाएं सामने आई हैं। वन विभाग ने पहले भी अभियान चलाकर हजारों टपरियां हटाई थीं और बड़े स्तर पर पौधारोपण किया था। अब फिर से अतिक्रमण बढ़ने पर सख्ती बरती जा रही है।