पन्ना-छतरपुर मार्ग के पास स्थित एप्पल रिसोर्ट पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया है।
- फोटो : अमर उजाला
पन्ना के चर्चित एप्पल रिसोर्ट में पन्ना जिला प्रशासन का बुलडोजर चला है। आरोप है कि ये सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाया गया था। राजस्व, नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर करीब 3 एकड़ में फैले अतिक्रमण को हटाया गया है।
जानकारी के अनुसार पन्ना टाइगर रिजर्व मार्ग के लिए आने वाले पर्यटकों का आकर्षण का केंद्र यह रिसोर्ट नेशनल हाईवे- 39 स्थित शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर बनाया गया था। राजस्व नगर पालिका और पुलिस की इस टीम की कार्रवाई के बाद से हड़कंप मचा हुआ है और भारी संख्या में अतिक्रमण हटाते हुए देखने के लिए लोग वहां एकत्र हो गए थे।
पन्ना एसडीएम सत्यनारायण दर्रो ने बताया कि राजस्व, नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है। ये रिसोर्ट सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाया गया था। अकरम सिद्दकी द्वारा अतिक्रमण किया गया था। हमने तीन एकड़ के लगभग जमीन मुक्त कराई गई है, और भी जमीन चिन्हित की गई है, उस पर भी कार्रवाई करेंगे। इस जमीन पर झोपड़ीनुमा घरों के साथ तीन-चार पक्की संरचना बना ली गई थी, जिन्हें गिराया गया है। कलेक्टर और एसपी के आदेश पर ये कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।