बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह रविवार को विमान से जबलपुर पहुंचे। शाह यहां गुरु गोविंद सिंह के 350वें प्रकाशोत्सव के कार्यक्रम में शामिल हुए। हवाईअड्डे पर शाह का मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
गुरुगोविंद सिंह के 350वें जन्मोत्सव यानी प्रकाश पर्व के मौके पर जबलपुर के सदर इलाके में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि गुरुगोविंद बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे, वो एक योद्धा होने के साथ साथ बड़े कवि और गुरुमुखी साहित्य के जनक थे। उनकी बहादुरी और बलिदान को देश कभी नहीं भुला सकता। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने सिख समुदाय के प्रकाश पर्व मनाने के लिए 100 करोड का फंड रखा है, इसके लिए समिति का गठन भी किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान सीएम शिवराज ने कहा कि संकट के समय सिख समाज के जवानों ने अपनी जान देकर देश की रक्षा की है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत अब लोग पटना साहिब के दर्शन भी कर सकेंगे। बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने भी प्रकाश पर्व पर सभी को बधाई दी है। कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान भी शामिल हुए।
Madhya Pradesh: BJP President Amit Shah speaking at #PrakashParv celebrations in Jabalpur pic.twitter.com/xy66dL1ahn— ANI (@ANI_news) January 8, 2017