रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने मस्क को लेकर दिया बयान
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय जनता पार्टी के रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने उद्योगपति एलन मस्क को लेकर तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान के 56 इंच सीने वाले को कोई झुका नहीं सकता और न ही कोई ताकत दिखा सकता है। मस्क पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वह दो घूंसा मारेंगे तो मस्क भाग जाएगा, इसलिए किसी को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। सांसद ने साफ कहा कि मस्क को अपनी शर्तों पर नहीं, बल्कि भारत की शर्तों पर ही देश में आने की अनुमति मिलेगी।
ये भी पढ़ें-
सिंधिया परिवार संपत्ति विवाद: आरोपों के समर्थन में प्रतिमादेवी को पेश करने होंगे साक्ष्य, सुनवाई 29 अक्तूबर को
उप मुख्यमंत्री की मौजूदगी में दिया बयान
सांसद जनार्दन मिश्रा ने बुधवार दोपहर रीवा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंच से यह बात रखी। इस दौरान मंच पर मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी उपस्थित थे। सांसद ने कहा कि मस्क ने यदि शर्तें मानी तो ही वह हिंदुस्तान में आने के लिए स्वीकृत होंगे और यदि वह अपनी शर्तें थोपेंगे तो उन्हें अस्वीकार कर दिया जाएगा। भाषण के दौरान उन्होंने सामाजिक सौहार्द पर भी बल दिया और कहा कि देश में जितना सौहार्द का वातावरण रहेगा, उतनी ही देश की तरक्की होगी।
नदी पर ब्रिज का भूमिपूजन
यह बयान सांसद ने रीवा स्थित लक्ष्मण बाग ट्रस्ट की जमीन के दोनों हिस्सों को आपस में जोड़ने के लिए नदी पर बनने वाले एक ब्रिज के भूमिपूजन कार्यक्रम में दिया। इस ब्रिज का भूमिपूजन उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किया। इस नए ब्रिज का निर्माण पूरा होने के बाद लक्ष्मण बाग मंदिर, गौशाला और नवनिर्मित संस्कृत विश्वविद्यालय के बीच लोगों का आवागमन काफी आसान और सुगम हो जाएगा।