मध्यप्रदेश के रतलाम में भाजपा सांसद गुमान सिंह डामोर ने मंच से एक ठेकेदार को उल्टा टांगने की धमकी दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। दरअसल, यह वीडियो 18 नवंबर का है। वीडियो में सांसद सड़क बनाने वाले एक ठेकेदार को मंच से पहले फटकार लगाते हैं, फिर उल्टा टांगने की धमकी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद से सांसद गुमान सिंह सुर्खियों में आ गए हैं।
हुआ यूं कि गुमान सिंह डामोर झाबुआ जिले के पेटलावद में नगर परिषद के एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। इस दौरान मंच पर ही नगर परिषद अध्यक्ष ने सड़क बनाने में देरी करने वाले एक ठेकेदार की शिकायत कर दी। फिर क्या था सांसद ने तुरंत ठेकेदार को फोन लगाकर खूब डांटा और कहा कि, समय से काम नहीं किया तो उल्टा टांग देंगे।
वीडियो वायरल होने के बाद जब सांसद से इस बयान के बारे में पूछा गया तो उन्होंने स्वीकारा और कहा कि हां मैंने ठेकेदार को उल्टा टांगने की बात कही थी, क्योंकि ठेकेदार किसी पार्टी विशेष के प्रभाव में आकर सड़क निर्माण में देरी कर आम जनता को परेशान कर रहा है।