कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को गरीबों को सामाजिक योजनाओं से वंचित रखने वाली दीवार को तोड़ने का दृढ़ संकल्प लेते हुए प्रमुख विपक्षी दल भाजपा को मार्केटिंग के उस्ताद की संज्ञा दी है।
उन्होंने कांग्रेस को गरीबों के हितों का ध्यान रखते हुए अपने वादों पर खरी उतरने वाली पार्टी बताया। भाजपा पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार गरीबों को पूरी तरह भूल गई है।
राहुल ने विश्वास दिलाया कि कांग्रेस सरकार ही गरीबों और दीन दुखियों का कल्याण करेगी। उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश में एक ही चरण के तहत 25 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं।
पढ़ें:- गरीब आदमी के सब्जी खाने से बढ़ी महंगाई: सिब्बल
राहुल ने कहा कि हमने जो भी वादा किया पूरा किया। मनरेगा हो या सूचना का अधिकार हो या फिर खाद्य सुरक्षा का मसला हो। सभी पर कांग्रेस ने गंभीरता से प्रयास करते हुए अपने वादे पूरे किए हैं। वहीं दूसरी ओर भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जो सिर्फ मार्केटिंग करने में उस्ताद है।
उन्होंने कहा कि कैमरे में भीड़ को दिखाकर आप जनता को नहीं बदल सकते। सच हमेशा सच ही रहेगा तथा झूठ हमेशा झूठ। राज्य की भाजपा सरकार गरीबों और उनके परिवार को भूल गई है। कांग्रेस पार्टी यहां से अगली सरकार बनाएगी। कांग्रेस सरकार दलितों, गरीबों और आदिवासियों की होगी।
राहुल ने कहा कि हमारा हर प्रयास गरीबों और दलितों का भला करेगा। राज्य की शिवराज सिंह चौहान सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा कि एक साल से कम उम्र के करीब एक लाख बच्चों की मौत की यह सरकार जिम्मेदार है। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट कहती है कि यहां की लाखों माताएं पीड़ित हैं।