नौकर के साथ अप्राकृतिक यौन दुराचार के आरोप लगने के कारण मध्य प्रदेश के वित्त मंत्री के इस्तीफे के अगले रोज एक प्रदेश भाजपा नेता ने दावा किया कि राघवजी का अतीत बड़ा गंदा रहा है।
भाजपा नेता शिवशंकर पटेरिया का कहना हे कि राघवजी की कथित सेक्स सीडी उन्होंने बनवाई, क्योंकि वह 'स्वच्छ राजनीति' में विश्वास रखते हैं और 'राघवजी के असल चेहरे से नकाब हटाना चाहते थे।'
राघवजी के नौकर राजकुमार ने शुक्रवार को हबीबगंज थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए उन पर अप्राकृतिक यौन दुराचार का संगीन इल्जाम लगाया। नौकर का कहना है कि राघवजी लंबे वक्त से उसके साथ अप्राकृतिक सेक्स कर रहे हैं। दावा किया गया है कि इसकी एक सीडी भी बनी है।
79 वर्षीय राघवजी ने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को शुक्रवार को सौंपा था।
इस पर प्रतिक्रिया मांगने पर उन्होंने कहा था, 'मुझसे मुख्यमंत्री ने इस्तीफा मांगा था और मैंने ऐसा ही किया। उन्होंने कहा कि वह कहीं जा रहे हैं और इस पर लौटकर बातचीत करेंगे।'
यह पूछने पर कि इस्तीफे की वजह क्या है, तो राघवजी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने त्यागपत्र मांगा और मैंने दे दिया। नौकर की ओर से लगे आरोपों पर उन्होंने कहा, 'ऐसा कुछ भी नहीं है। अगर ऐसा कोई आरोप लगाया गया है, तो यह पूरी तरह गलत है।'
राघवजी ने 2004 से 2013 के बीच लगातार दस साल राज्य का बजट पेश करने का रिकॉर्ड बनाया है। मुख्यमंत्री चौहान ने जल संसाधन मंत्री जयंत मलैया को वित्त मंत्रालय का जिम्मा सौंपा है।