मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद अब रात में ठंड का असर भी दिखने लगा है जहां दिन भर धूप खिली रहती है वही रात में तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अक्टूबर खत्म होते-होते प्रदेश में ठंड का असर काफी बढ़ सकता है। वही धनतेरस पर प्रदेश में बूंदाबांदी का अलर्ट जारी किया गया। प्रदेश के भोपाल, इंदौर-ग्वालियर समेत कई शहरों में रात का टेम्प्रेचर 17 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। वहीं, हिल स्टेशन पचमढ़ी सबसे ठंडा है। यहां दिन और रात दोनों ही ठंडे हैं।
जाने दिन में गर्मी और रात में क्यों पड़ रही ठंड
मध्य प्रदेश में 15 अक्टूबर को मानसून की विदाई हो गई। हालांकि लो प्रेशर एरिया और साइक्लोनिक सकुर्लेशन सिस्टम की वजह से 23 अक्टूबर तक बारिश का दौर चला। अब मौसम साफ हो रहा है। मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानिक वेद प्रकाश के अनुसार अक्टूबर मानसून विदाई का माह होता है। आसमान साफ हो जाता है। इस कारण दिन में गर्मी और रात में ठंड पड़ती है। उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से बारिश होती है। इस बार 23 अक्टूबर के बाद बारिश थमी और ठंड का असर बढ़ गया। अक्टूबर की आखिरी 5 रातें और ठंडी होंगी।
मध्य प्रदेश के शहरों का तापमान
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
भोपाल 32.2 16.8
इंदौर 34.0 18.4
पचमढ़ी 26.8 14.8
उज्जैन 35.0 18.8
जबलपुर 30,4 18.6
रीवा 28.3 19.2
ग्वालियर 33.6 18.4
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग में अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि दिवाली पर मौसम बदला रह सकता है, खासकर धनतेरस वाले दिन। मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर को राज्य के पूर्वी हिस्से यानी जबलपुर, शहडोल, रीवा और सागर संभाग के जिलों में बूंदाबांदी का अलर्ट जारी किया है। 29 अक्टूबर को ही धनतेरस है। 29 और 30 अक्टूबर को उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। वहीं, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत अन्य जिलों में तेज धूप निकली रहेगी। प्रदेश में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। अधिकांश शहरों में दिन में तेज धूप निकल रही है तो रातें ठंडी हो गई हैं। ज्यादातर जिलों का पारा 20 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। इधर, दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। रविवार को ज्यादातर शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री के पार रहा।