हिनौती गांव पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी
- फोटो : अमर उजाला
जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी ने आज चौका और हिनौती गांव पहुंचकर मृतकों के परिवारों से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और उनके दर्द को करीब से जाना।अपनों को खो चुके लोधी परिवार समेत दूसरे प्रभावित परिवारों से मुलाकात के दौरान माहौल गमगीन रहा। पटवारी ने कहा कि इन परिवारों को सिर्फ सांत्वना नहीं, बल्कि न्याय, उचित आर्थिक सहायता और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पीड़ित परिवारों की आवाज को दबने नहीं देगी और उनकी लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी।
पानी, हवा, दवा के बाद अब शराब में भी जहर
जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही के कारण हालात गंभीर हुए हैं। पटवारी ने कहा कि सरकार ने पानी, हवा और दवा के बाद अब शराब में भी जहर घोल दिया है। उन्होंने आबकारी मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि इतनी गंभीर घटना की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें-काजी कैंप में मिसाइल गिरा दो: रामेश्वर की सफाई पर कांग्रेस का पलटवार, बोले- इस्लामाबाद में काजी कैंप कहां है?
मौतों का आंकड़ा छिपाने का आरोप
पटवारी ने दावा किया कि जहरीली शराब त्रासदी में 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन सरकार और प्रशासन वास्तविक आंकड़े सामने नहीं ला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौतों की संख्या कम बताकर पूरे मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।
शराब माफिया और राजनीतिक गठजोड़ का आरोप
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि शराब माफिया का मजबूत गठजोड़ राजनीतिक संरक्षण में काम कर रहा है। उन्होंने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर शराब माफिया से सीधे जुड़े होने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की। पटवारी ने यह भी सवाल उठाया कि जिस पुलिस अधिकारी के कार्यक्षेत्र मुरैना में पहले जहरीली शराब से मौतों का मामला सामने आया था, उसे बाद में सागर में तैनात किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक संरक्षण के कारण शराब का अवैध कारोबार फलता-फूलता रहा।
यह भी पढ़ें-एमपी में मानसून मेहरबान: कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, चार दिन बरसेंगे बादल; बांधों के गेट खुले
पीड़ित परिवारों के साथ सड़क से सदन तक लड़ाई
पटवारी ने कहा कि जिन परिवारों ने अपने अपनों को खोया है, उनका दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। सरकार को इन परिवारों को उचित सहायता देने के साथ दोषियों पर ऐसी कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे दोबारा किसी परिवार को इस तरह की त्रासदी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों की आवाज दबने नहीं दी जाएगी। कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से सदन तक उठाएगी और दोषियों को सजा दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।