राजधानी में रविवार को कई अहम खबरें सामने आईं। एक ओर भोपाल इज्तिमा में दस लाख से अधिक मेहमानों के आने की तैयारी तेज हो गई है, वहीं शहर में दूषित पानी की समस्या ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। छह बोरवेल का पानी दूषित मिलने पर नगर निगम ने उन्हें बंद कराया है। दूसरी ओर अरवलिया में पारिवारिक विवाद के बाद मां और दो बच्चों की मौत की दर्दनाक घटना सामने आई।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
छह बोरवेल का पानी दूषित, नगर निगम ने कराए बंद
भोपाल में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर में छह बोरवेल का पानी दूषित मिलने के बाद नगर निगम ने उन्हें बंद करा दिया है। इस कार्रवाई के बाद बिल्डरों की ओर से कराई जा रही पानी की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठे हैं। जिन इलाकों में बोरवेल के पानी का इस्तेमाल हो रहा था, वहां रहने वाले लोगों की पेयजल सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पारिवारिक विवाद के बाद मां ने दो बच्चों के साथ खाया जहरीला पदार्थ, तीनों की मौत
ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के अरवलिया में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 37 वर्षीय रुखसाना और उसके 12 साल की बेटी व आठ साल के बेटे की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। शुरुआती जांच में देवरानी को आटा नहीं देने पर हुए विवाद और पति की फटकार के बाद महिला के नाराज होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
विज्ञापन
10 करोड़ की ठगी में ईओडब्ल्यू ने दाखिल की चार्जशीट
बैंक का लोन सेटल कराने के नाम पर कारोबारी से 10 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ने मुख्य आरोपी मोहित गोगिया के खिलाफ भोपाल की विशेष अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया है। आरोपी पर गायत्री फूड प्रोडक्ट्स के संचालक किशन मोदी को फर्जी चैट दिखाकर एसबीआई अधिकारियों से संपर्क होने का भरोसा दिलाने का आरोप है। आरोपी फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है।
मेटा के खिलाफ युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, जुकरबर्ग का पुतला फूंका
कांग्रेस और युवा कांग्रेस नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट निलंबित किए जाने के विरोध में भोपाल में युवा कांग्रेस ने बोर्ड ऑफिस चौराहे पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मेटा का पुतला दहन कर भाजपा पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया। जिला महासचिव अभय सोलंकी ने चेतावनी दी कि अकाउंट बहाल नहीं हुए तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
डायबिटीज मरीजों के लिए आंखों की जांच जरूरी, 150 से अधिक की स्क्रीनिंग
भोपाल में डायबिटिक ब्लाइंडनेस फ्री इंडिया अभियान के तहत जागरूकता वॉक और निशुल्क आई स्क्रीनिंग कैंप लगाया गया। वरिष्ठ रेटिना विशेषज्ञ डॉ. गजेंद्र चावला ने बताया कि डायबिटीज के हर पांचवें मरीज को रेटिनोपैथी का खतरा है। शुरुआती चरण में बीमारी के लक्षण नहीं दिखते, इसलिए साल में कम से कम एक बार रेटिना की जांच जरूरी है। शिविर में 150 से अधिक मरीजों की जांच की गई।