1. 900 करोड़ के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का 19 नवंबर को उद्घाटन
भोपाल में बन रहे इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का पहला चरण तैयार हो गया है। करीब 900 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे इस परिसर का उद्घाटन 19 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। इसी दिन यहां महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 शुरू होगी। खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शुक्रवार को परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, परिवहन और चिकित्सा सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
2. चेन स्नैचरों से भिड़े कारोबारी, 43 सेकंड में पकड़े तीन युवक
भोपाल में चेन झपटकर भाग रहे तीन युवकों को पकड़ने के लिए एक कारोबारी उनसे भिड़ गया। स्थानीय लोगों ने भी मदद की और महज 43 सेकंड में तीनों को पकड़ लिया गया। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया है।
3. रेलवे स्टेशन पर जब्त 705 किलो पनीर के सभी पांच सैंपल फेल
भोपाल रेलवे स्टेशन पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने 705 किलोग्राम पनीर जब्त किया था। जांच के लिए भेजे गए पांचों नमूने अवमानक पाए गए हैं। यह खेप मुरैना से रेल मार्ग के जरिए भोपाल लाई गई थी। रिपोर्ट आने के बाद मुरैना की पनीर निर्माण इकाई और विभिन्न डेयरियों पर भी छापामार कार्रवाई की गई। विभाग के मुताबिक, पनीर की खपत होने से पहले ही सप्लाई रोक दी गई।
4. स्कूल-कॉलेज की कैंटीन और हॉस्टल मेस की होगी जांच
भोपाल के स्कूल, कॉलेज और हॉस्टल की कैंटीन व मेस में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता अब खाद्य सुरक्षा विभाग जांचेगा। हॉस्टल के खाने में कीड़े और छिपकली मिलने की घटनाओं के बाद विभाग ने दो टीमें बनाई हैं। ये टीमें भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के भंडारण और चूहों व कीटों से बचाव के इंतजामों की जांच करेंगी।
5. सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 2 प्रतिशत बढ़ा
मध्यप्रदेश सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की है। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता जनवरी 2026 से देय होगा। जनवरी से सितंबर तक के नौ महीने का एरियर तीन समान किस्तों में दिया जाएगा। अक्टूबर के वेतन यानी नवंबर में मिलने वाली सैलरी से बढ़े हुए डीए का नकद लाभ मिलेगा। पेंशनर्स की महंगाई राहत भी जुलाई 2026 से 2 प्रतिशत बढ़ाई जाएगी।
यह भी पढ़ें-
एमपी में अर्नब का तांडव अभी बाकी: तापमान में गिरावट, 33 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कब तक बरसेंगे बादल?
6. मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर भोपाल में तीन दिन सजेगा सांस्कृतिक मंच
मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर भोपाल के लाल परेड मैदान में तीन दिवसीय राज्योत्सव आयोजित होगा। इसमें गायिका मोनाली ठाकुर और लोक कलाकार मामे खान प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में 102 मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और 165 किसानों को पुरस्कार भी दिए जाएंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।