ठगों ने एक छात्रा और एक शख्स से ठगे 65 हजार रुपये
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एटीएम कार्ड बदलकर एक छात्रा और एक शख्स के साथ ठगी करने के दो मामले सामने आए हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, अजीम मियां (40) जिंसी जहांगीराबाद में रहते हैं और निजी काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बीते सात अक्टूबर की शाम करीब सात बजे वह चर्च रोड जहांगीराबाद स्थित स्टेट बैंक के एटीएम पर रुपये निकालने पहुंचे थे। जब वह पैसे निकाल रहे थे, तभी बाइक सवार तीन युवक पहुंचे और एटीएम में घुसकर उनके पीछे खड़े हो गए। अजीम एटीएम में अपना कार्ड लगाकर पिन डालकर रुपये निकलने का इंतजार करने लगे, लेकिन रुपये नहीं निकले।
पुलिस ने आगे बताया कि इसी बीच पीछे खड़े एक युवक ने मदद के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और बताया कि एटीएम में खराबी है, इसलिए रुपये नहीं निकलेंगे। अजीम कार्ड लेकर दूसरे एटीएम पर पहुंचे तो वहां उनका पिन नंबर गलत बताने लगा। कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर चार बार में कुल 39 हजार 300 रुपये निकलने का मैसेज मिला। जब उन्होंने अपना एटीएम कार्ड चेक किया तो पता चला कि वह उनका कार्ड नहीं था। उसके बाद उन्होंने बैंक पहुंचकर अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया और मामले की शिकायत पुलिस से की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुरुवार को अज्ञात जालसाजों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया। एक दिन पहले बुधवार को अशोका गार्डन इलाके में नर्सिंग कॉलेज की छात्रा आकांक्षा सिंह का एटीएम कार्ड बदलकर जालसाज ने 25 हजार सात सौ रुपये निकाल लिए थे।