छात्र की मौत की जांच कर रही पुलिस। (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल में कॉलेज में दाखिला लेने के बाद अपने पिता से मोबाइल फोन की मांग कर रहा युवक अचानक ही घर से लापता हो गया। दो दिन तक परिजन और पुलिस उसकी तलाश करते रहे। रविवार की शाम जहांगीराबाद पुलिस ने उसकी लाश खटलापुरा घाट के पास से बरामद की। डूबने के कारण उसकी मौत हो चुकी थी। माना जा रहा है कि उसने तालाब में कूदकर अपनी जान दे दी।
जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय विशेष प्रजापति श्यामला हिल्स इलाके की कृष्णा नगर कॉलोनी में रहता था। हाल में उसने हायर सेकंडरी की परीक्षा दी थी जिसमें वह पास हो गया था। इसके बाद उसने कॉलेज में दाखिला लिया था। पिछले कुछ दिनों से वह अपने माता-पिता से मोबइल फोन दिलाने की जिद कर रहा था। दो दिन पहले भी उसने फोन दिलाने को कहा था। परिजनों ने फिलहाल मोबाइल फोन दिलाने से मना किया था। इसके बाद वह अचानक ही बगैर बताए घर से निकल गया। परिजनों ने श्यामला हिल्स थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
ये भी पढ़ें:
लॉजिस्टिक हब, राजा भभूत सिंह की प्रतिमा और तहसीलदारों के कार्य विभाजन पर हो सकते हैं फैसले
इसी बीच कल शाम करीब छह बजे उसकी लाश खटलापुरा स्थित छोटे तालाब में तैरती हुई मिली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन अभी बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस का कहना है कि बयान देने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पड़ोसियों से की गई बातचीत और परिजनों से अभी जो बताया उसके आधार पर माना जा रहा है कि मोबाइल फोन की जिद पूरी नहीं होने के कारण युवक ने तालाब में कूदकर आत्महत्या की है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें:
संगठन सृजन अभियान से कांग्रेस को मिलेगा नया नेतृत्व, भीतरघातियों पर गिरेगी गाज
जहरीला पदार्थ खाने से किशोरी की मौत
इधर, नजीराबाद इलाके में जहरीला पदार्थ खाने के कारण किशोरी की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि 16 वर्षीय सोनाली गुर्जर पाडली गांव में रहती थी। कल शाम किशोरी ने अपने घर में रखा हुआ जहर खा लिया था। तबियत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां कुछ देर तक चले इलाज के बाद उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका का शव बरामद कर उसे पोस्ममार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।