प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से मंगलवार को थोड़ी राहत मिली। राजधानी भोपाल में दिनभर धूप खिली रही वहीं, सीधी जिले में भारी बारिश दर्ज की गई। इंदौर, धार, रतलाम, गुना और सतना में हल्की बारिश हुई। ग्वालियर, नर्मदापुरम, उज्जैन समेत कई जिलों में धूप खिली रही। कहीं-कहीं बादल भी छाए रहे। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश का मजबूत सिस्टम अब थोड़ा कमजोर पड़ गया है। इस वजह से अगले दो दिन कहीं भी तेज बारिश का अलर्ट नहीं है।
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक वेद प्रकाश ने बताया कि मानसून ट्रफ, डीप लो प्रेशर एरिया, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से पूरे प्रदेश में भारी बारिश का दौर चला। सोमवार को भी कई जिलों में तेज बारिश हुई, लेकिन मंगलवार से वर्षा घट गई। 28 अगस्त को प्रदेश के कई जिलों में धूप निकली रहेगी। हालांकि, कुछ जिलों में बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है।
88 फीसदी बारिश हो चुकी
उन्होंने बताया कि 29-30 अगस्त से प्रदेश में स्ट्रॉन्ग सिस्टम बनेगा। इस बार जून, जुलाई और अगस्त में मानसून सीजन के कोटे से ज्यादा पानी गिर चुका है। अब तक प्रदेश में सीजन की 88 फीसदी यानी 33 इंच बारिश हो चुकी है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मध्य प्रदेश मौसम विभाग में अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है जिसके अनुसार सिंगरौली, सीधी में बिजली के साथ भारी बारिश के साथ-साथ रीवा, मऊगंज, सिवनी, शाजापुर, सीहोर, खंडवा, मुरैना, भिंड, दतिया, छतरपुर खजुराहो में बिजली के साथ मध्यम गरज के साथ होने की संभावना है। रायसेन, विदिशा, राजगढ़, हरदा, देवास, बैतूल, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मैहर, सतना चित्रकूट, पन्ना, टीकमगढ़, मंडला, नीमच, मंदसौर, रतलाम, अलीराजपुर, झाबुआ, बड़वानी, जबलपुर, कटनी, अनूपपुर अमरकंटक शहडोल, उमरिया, ग्वालियर में बारिश हो सकती है।
सीधी में घरों में घुसा बांध का पानी
सीधी जिले में मंगलवार को तेज बारिश का दौर जारी है। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गाडा गांव में एक बांध में इतना पानी भर गया कि उसके नीचे बसे लोग अपनी जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाते नजर आए। सुबह ही कोतवाली में सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे और पुलिस से बांध को फोड़ने के लिए मांग करने लगे। बताया गया कि दो पक्षों के विवाद में समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है एक पक्ष चाहता है कि बांध को ना फोड़ा जाए, जबकि दूसरा पक्ष अपने जान माल की सुरक्षा के लिए बांध को फोड़ने के लिए पुलिस से अनुरोध करता रहा।