शुक्रवार को कोरोना की जिलेवार समीक्षा में बताया गया कि बीते 24 घंटे में सर्वाधिक नए प्रकरण इंदौर में 612, भोपाल में 425, जबलपुर में 156, उज्जैन में 83, रतलाम में 65, ग्वालियर में 63, खरगोन में 60, बैतूल में 54, सागर में 44, बड़वानी में 37, छिंदवाड़ा में 35, नरसिंहपुर 33, शहडोल में 27, बालाघाट में 26 और शाजापुर में 22 नए केस मिले।
कोरोना से निबटने की तिहरी रणनीति
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए हम तिहरी रणनीति अपना रहे हैं। पहला संक्रमण रोकने के सभी उपाय करना, दूसरा अस्पतालों में कोरोना के उपचार की श्रेष्ठतम व्यवस्था और तीसरा प्रदेश में तेजी से वैक्सीनेशन करवाना, जिससे कोरोना का संकट कम से कम हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा लॉकडाउन अर्थ-व्यवस्था को ध्वस्त और लोगों को बेरोजगार कर देता है। हमारा पूरा प्रयास रहेगा कि अर्थ-व्यवस्था को नुकसान भी न पहुंचे और हम कोरोना के संकट से प्रदेश को सुरक्षित बाहर निकाल पाएं। इसके लिए जो भी आवश्यक उपाय होंगे, किए जाएंगे। प्रदेश में पहले तीन जिलों- भोपाल, इंदौर और जबलपुर में संडे लॉकडाउन लगाया था। बुधवार को इसे बढ़ाकर सात जिलों में लागू कर दिया गया। बैतूल, छिंदवाड़ा, रतलाम और खरगोन जिले में भी संडे लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए जन-जागरूकता बहुत आवश्यक है। इसके लिए प्रदेश में 'मेरा मास्क-मेरी सुरक्षा' अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत लोगों में मास्क बांटे जा रहे हैं। उन्हें मास्क पहनने के लिए जागरूक किया जा रहा है। मास्क पहनने से कोरोना से 90 प्रतिशत सुरक्षा होती है।
घर में ही मनाएं आगामी त्योहार
कोरोना का संक्रमण न फैले इसके लिए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लोग आगामी त्योहार घर पर ही रहकर पूरी श्रद्धा एवं आस्था के साथ मनाएं। जिन जिलों में कोरोना के 20 से अधिक प्रकरण हैं वहां होलिका दहन एवं शबे-बारात प्रतीकात्मक रूप से ही हों।