फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भोपाल में बप्पा की विदाई में जनसैलाब: 1500 झांकियों ने खींचा ध्यान, मुस्लिम महिलाओं ने बरसाए फूल,शिवराज पहुंचे

Fri, 25 Sep 2026 09:17 PM IST
Sandeep Kumar Tiwari न्यूज डेस्क,अमर उजाला, भोपाल

सार

अनंत चतुर्दशी पर भोपाल में 1500 झांकियों के साथ बप्पा की विदाई का भव्य चल समारोह निकला। मुस्लिम महिलाओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया, वहीं शिवराज सिंह चौहान भी गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए घाट पहुंचे। सुरक्षा के लिए सात घाटों पर 13 क्रेन, 12 पोकलेन और 184 गोताखोर तैनात किए गए हैं।
विज्ञापन
गणेश विसर्जन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अनंत चतुर्दशी पर शुक्रवार शाम भोपाल में गणपति बप्पा की विदाई का सिलसिला पूरे उत्साह के साथ शुरू हुआ। भारत टॉकीज एवं यूवी वन एवं चौराहे से शाम सात बजे मुख्य चल समारोह रवाना हुआ। करीब 1500 झांकियों के साथ निकली यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पुराने शहर के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह लोगों की भीड़ जुटी रही। भारत टॉकीज से निकला चल समारोह इतवारा, जुमेराती और पीरगेट होते हुए विसर्जन घाटों की ओर बढ़ा। ढोल-नगाड़ों की गूंज और गणपति बप्पा के जयकारों के बीच झांकियां आगे बढ़ती रहीं। कई स्थानों पर लोगों ने घरों और दुकानों से निकलकर झांकियों का स्वागत किया।
विज्ञापन


फूलों से हुआ स्वागत, भाईचारे का संदेश
चल समारोह में भोपाल की गंगा-जमुनी तहजीब की तस्वीर भी दिखाई दी। मुस्लिम महिलाओं ने भगवान गणेश की झांकियों पर पुष्प वर्षा की और फूल-मालाओं से यात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं के बीच यह दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा।
विज्ञापन


शिवराज सिंह चौहान भी पहुंचे विसर्जन के लिए
पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी अपने निवास पर विराजित गणेश प्रतिमा को विसर्जित करने के लिए घाट पहुंचे। उनके गणेश प्रतिमा लेकर घाट पहुंचने के दौरान भी लोगों की मौजूदगी रही।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अनंत चतुर्दशी पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश और भगवान विष्णु की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की वृद्धि हो। मुख्यमंत्री ने कामना की कि यह पर्व जीवन की बाधाओं को दूर करे और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे।

घाटों पर भारी इंतजाम, 184 गोताखोर तैनात
प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन के लिए शहर के सात प्रमुख घाटों पर विशेष व्यवस्था की गई है। प्रेमपुरा, रानी कमलापति, खटलापुरा, शाहपुरा और बैरागढ़ समेत अन्य घाटों पर नगर निगम और पुलिस की टीमें तैनात हैं। बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए 13 क्रेन और 12 पोकलेन मशीनें लगाई गई हैं। सुरक्षा के लिए 184 गोताखोर तैनात हैं। होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीमें भी रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौजूद हैं। छोटी प्रतिमाओं के लिए अस्थायी विसर्जन कुंड बनाए गए हैं।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें-बेटियों को गोद लेने का बढ़ा चलन: 5 साल में सबसे ज्यादा बच्चों को मिला परिवार, 57% बेटियां, वेटिंग 3 साल तक

देर रात तक बदले रहेंगे कई रास्ते
चल समारोह के चलते पुराने भोपाल और विसर्जन घाटों की ओर जाने वाले कई मार्गों पर यातायात व्यवस्था बदली गई है। यह व्यवस्था देर रात तक जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करें और घाटों पर सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें