रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
रीवा लोकायुक्त ने राजस्व निरीक्षक को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। नगर पालिका परिषद साधी में राजस्व निरीक्षक के पद पर पदस्थ रामसिया साकेत ने छह सौ फीट भूमि किराए पर देने के एवज में शिकायतकर्ता सुशील कुमार प्रजापति से रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता सुशील कुमार प्रजापति मिट्टी के बर्तन बेचने का काम करते हैं। उसने 20 जुलाई 2022 को नगर पालिका परिषद सीधी में कुल 600 फीट जमीन किराए पर लेने के लिए आवेदन किया था। इसके एवज में नगर पालिका परिषद सीधी के राजस्व निरीक्षक रामसिया साकेत ने जमीन के किराए के पैसों के अतिरिक्त 5000 रुपये की रिश्वत मांगी थी और धमकी दी थी कि यदि पैसे नहीं दोगे तो तुम्हारा आवेदन निरस्त कर दिया जावेगा। शिकायत सत्यापन के दौरान आरोपी राजस्व निरीक्षक ने 2000 रुपये ले लिए गए थे। शेष 3000 रुपये लेते हुए वह सोमवार को रंगे हाथों ट्रेप किया गया है। राजस्व निरीक्षक पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। लोकायुक्त उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार, निरीक्षक प्रमेंद्र कुमार, उप निरीक्षक आकांक्षा पांडे एवं 15 सदस्यीय टीम ने कार्रवाई की।