मृतक राकेश अग्रवाल और केयरटेकर वरुण
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी वरुण कुमार के बयानों ने पुलिस और आमजन को चौंका कर रख दिया है। हमीदिया अस्पताल में पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी ने बेहद ठंडे दिमाग से जो खुलासे किए हैं, उसने उसकी कुंठित और आपराधिक मानसिकता को बेनकाब कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों के सामने बेखौफ अंदाज में वरुण ने कहा, 'आईएएस एक ब्रांड है। उनका व्यवहार रूखा था, इसलिए मार दिया। जानकारी के अनुसार जब पुलिस ने उससे पूछा कि वारदात के बाद जब उसे पता था कि पकड़ा जाएगा, तो वह भागा क्यों? इस पर वरुण का जवाब था तुरंत पकड़ा जाता तो कोई मुझे जान नहीं पाता। भागता नहीं तो क्रिमिनल कैसे कहलाता?
ये भी पढ़ें-
रिटायर्ड आईएएस हत्याकांड: फरार केयरटेकर आगरा से गिरफ्तार, हिरासत से भागने की कोशिश में पैर में लगी गोली
आरोपी केयरटेकर ने बताया कि पूर्व आईएएस अधिकारी का व्यवहार उसके प्रति ठीक नहीं था। पैर दबाने के दौरान वे ताना मारते थे कि 'तुम्हारे हाथ तो महिलाओं जैसे हैं।' इन बातों से कि कारण उसने सबक सिखाने का मन बना लिया था। वरुण को जेल जाने या सजा का कोई खौफ नहीं है। इसके जवाब में उसने कहा कि उसकी पत्नी उसे छोड़ चुकी है और पिता ने तीसरी शादी कर ली है, इसलिए जब कोई अपना ही नहीं बचा, तो डर किस बात का।
घटना का रिक्रिएशन करेगी पुलिस
डॉक्टरों के मुताबिक शुक्रवार तक उसे अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। इसके बाद पुलिस उसे घटनास्थल पर लेकर जाएगी, जहां हत्या में प्रयुक्त सर्जिकल ब्लेड की बरामदगी और क्राइम सीन रिक्रिएट किया जाएगा।