दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व पर ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने भोपाल मंडल से होकर तीन स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इनमें रानी कमलापति-दानापुर, रीवा-रानी कमलापति और रीवा-डॉ. अंबेडकर नगर स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों से भोपाल, इटारसी, विदिशा, बीना और आसपास के स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
रानी कमलापति-दानापुर ट्रेन 12 अक्टूबर से
गाड़ी संख्या 01667 रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल 12 अक्टूबर से 16 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को चलेगी। यह रानी कमलापति स्टेशन से दोपहर 2:25 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:15 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 01668 दानापुर-रानी कमलापति स्पेशल 13 अक्टूबर से 17 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को चलेगी। यह दानापुर से सुबह 11:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:50 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में 11-11 फेरे होंगे। इस ट्रेन का ठहराव भोपाल, संत हिरदाराम नगर, विदिशा, गंजबासौदा, बीना, नर्मदापुरम और इटारसी सहित निर्धारित मार्ग के स्टेशनों पर रहेगा।
रीवा के लिए भी अतिरिक्त ट्रेनें
गाड़ी संख्या 02192 रीवा-रानी कमलापति सुपरफास्ट स्पेशल 17 और 24 अक्टूबर तथा 7 और 14 नवंबर को चलेगी। शनिवार को रीवा से दोपहर 12:30 बजे रवाना होकर यह रात 9:15 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 02191 उसी दिन रात 10:15 बजे रानी कमलापति से रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:20 बजे रीवा पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में चार-चार फेरे होंगे। इसका ठहराव विदिशा, बीना, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, मैहर और सतना में रहेगा।
यह भी पढ़ें-नवरात्रि पर भक्तिमय हुई राजधानी: शहर में दो हजार से अधिक जगह सजे पंडाल बने आकर्षण, मंदिरों में भक्तों की भीड़
इंदौर क्षेत्र के यात्रियों को भी मिलेगा विकल्प
रीवा-डॉ. अंबेडकर नगर पूजा स्पेशल भी त्योहारों के दौरान संचालित होगी। गाड़ी संख्या 01704 प्रत्येक शनिवार को रात 10:50 बजे रीवा से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 3:05 बजे डॉ. अंबेडकर नगर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 01703 प्रत्येक रविवार को रात 9:20 बजे डॉ. अंबेडकर नगर से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1:30 बजे रीवा पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव जबलपुर, नरसिंहपुर, गाडरवारा, पिपरिया, इटारसी, नर्मदापुरम, रानी कमलापति, भोपाल, संत हिरदाराम नगर, सीहोर और शुजालपुर सहित निर्धारित मार्ग के स्टेशनों पर रहेगा।
रेलवे के अनुसार, इन ट्रेनों के आरक्षित टिकट रेलवे आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट से बुक किए जा सकते हैं। यात्रियों को समय-सारिणी और ठहराव की अद्यतन जानकारी के लिए एनटीईएस ऐप, रेलवे की पूछताछ वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग करने की सलाह दी गई है।