भोपाल में नवरात्रि के पहले दिन 2000 से अधिक स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना की जा रही है। कुछ प्रतिमाएं रात में पंडालों तक पहुंच गईं, जबकि कई जगह दिनभर स्थापना और सजावट जारी रही। न्यू मार्केट, विट्ठल मार्केट, जंबूरी मैदान और दस नंबर मार्केट के पंडाल इस बार खास आकर्षण रहेंगे।
राजधानी में शारदीय नवरात्रि के पहले दिन रविवार को मां दुर्गा की आराधना के साथ उत्सव की शुरुआत हो गई। शहर में कहीं प्रतिमाएं रात में ही पंडालों तक पहुंच गई थीं तो कहीं रविवार दिनभर माता की अगवानी और स्थापना की तैयारियां चलती रहीं। कई स्थानों पर देर रात तक प्रतिमा स्थापना और सजावट का काम जारी रहने की संभावना है। राजधानी में 2000 से अधिक स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। इस बार बड़े पंडालों में धार्मिक स्थलों की प्रतिकृतियां और पौराणिक प्रसंग खास आकर्षण रहेंगे। नवरात्रि के पहले दिन घरों और मंदिरों में घटस्थापना कर मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा की गई। देवी मंदिरों में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। उधर, दुर्गा उत्सव समितियां प्रतिमाओं की स्थापना, पंडालों की सजावट और विद्युत रोशनी के इंतजामों को अंतिम रूप देने में जुटी रहीं। प्रतिमाएं ले जाने के लिए मूर्तिकारों के यहां भी नवरात्रि से पहले देर रात तक भीड़ रही।
विज्ञापन
न्यू मार्केट से जंबूरी मैदान तक खास आकर्षण न्यू मार्केट: यहां समुद्र मंथन की पौराणिक कथा पर आधारित झांकी तैयार की जा रही है। नागेश्वर मंदिर की थीम भी पंडाल को खास बनाएगी।
विट्ठल मार्केट: यहां गुजरात के सोमनाथ मंदिर की प्रतिकृति तैयार की गई है। जय मां वैष्णो दुर्गा उत्सव का यह पंडाल बड़े आयोजनों में शामिल है। इसकी तैयारी पर करीब 1.30 करोड़ रुपये खर्च होने की जानकारी सामने आई है।
विज्ञापन
जंबूरी मैदान: भेल के जंबूरी मैदान में करीब 55 लाख रुपये की लागत से 85 फीट ऊंचा केदारनाथ धाम का स्वरूप तैयार किया जा रहा है। भोजपाल महोत्सव मेला समिति के इस आयोजन में 11 से 20 अक्टूबर तक निशुल्क प्रवेश की जानकारी दी गई है।
दस नंबर मार्केट: यहां दुबई के मिरेकल गार्डन की तर्ज पर पंडाल तैयार किया जा रहा है। फूलों की सजावट, आकर्षक प्रवेश द्वार और भव्य प्रतिमा इसे इस बार के प्रमुख आकर्षणों में शामिल करेंगे।
मंदिरों में भी पहले दिन विशेष पूजा
नवरात्रि के पहले दिन तलैया स्थित काली माता मंदिर, पीर गेट के कर्फ्यू वाली माता मंदिर और प्लेटिनम प्लाजा स्थित माता मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने की जानकारी है। घरों में भी कलश स्थापना के साथ नौ दिन की पूजा शुरू हुई। मंदिरों और पंडालों में अगले दिनों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है।
नौ दिन भक्ति और उत्सव का माहौल
नवरात्रि के दौरान राजधानी में पूजा-अर्चना के साथ गरबा और डांडिया के आयोजन भी होंगे। जंबूरी मैदान में भोजपाल गरबा महोत्सव 12 से 18 अक्टूबर तक प्रस्तावित है। शहर के अलग-अलग इलाकों में दुर्गा उत्सव समितियों ने धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां की हैं। ऐसे में पहले दिन से ही भोपाल में भक्ति, सजावट और उत्सव का माहौल दिखाई देने लगा है।