भोपाल के चर्चित हत्यकांड में पुलिस ने हथियार जब्त कर लिया है।
- फोटो : अमर उजाला
सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को अहम साक्ष्य मिला है। मुठभेड़ में घायल आरोपी वरुण कुमार वाल्मिक को हमीदिया अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद विशेष जांच दल (एसआईटी) घटनास्थल पर लेकर पहुंचा। आरोपी ने पुलिस की मौजूदगी में उस स्थान की पहचान कराई, जहां हत्या के बाद भागते समय उसने गला रेतने में इस्तेमाल किया गया ब्लेड फेंका था। पुलिस ने बंगले की चाहरदीवारी के पास से ब्लेड बरामद कर जब्त कर लिया है। आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी होने के कारण उसे सहारे से रातीबड़ के सूरज नगर स्थित घटनास्थल तक ले जाया गया।
रातीबड़ थाना प्रभारी रास बिहार शर्मा के अनुसार 29 और 30 सितंबर की दरमियानी रात आरोपी ने राकेश अग्रवाल का ब्लेड से गला रेतकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद वह बंगले की चाहरदीवारी लांघकर फरार हो गया था। इसी दौरान उसने हत्या में इस्तेमाल किया गया ब्लेड भी फेंक दिया था। अब आरोपी की निशानदेही पर एसआईटी ने इसे बरामद कर लिया है। पुलिस इस ब्लेड को जांच के लिए भेजेगी, ताकि वारदात से जुड़े फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।
ये भी पढ़ें-
रिटायर्ड आईएएस हत्याकांड: पूछताछ में बेखौफ होकर जवाब दे रहा आरोपी, बोला- भागता नहीं तो अपराधी कैसे कहलाता
मुठभेड़ में घायल होने के बाद आगरा से हुई थी गिरफ्तारी
आरोपी वरुण कुमार वाल्मिक को पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार किया था। दो दिन पहले पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश के दौरान मुठभेड़ में उसके दाहिने पैर में गोली लगी थी। इसके बाद उसे उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे पूछताछ के लिए एक सप्ताह की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
तानों से परेशान होकर हत्या करने का दावा
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने राकेश अग्रवाल के कथित तानों से परेशान होकर हत्या करने की बात कही है। वारदात के बाद उसने अपनी प्रेमिका को फोन किया था। इसी फोन कॉल के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला और जांच आगे बढ़ते हुए ग्वालियर तक पहुंची। बाद में पता चला कि उसकी प्रेमिका आगरा में काम कर रही है। पुलिस इसी कड़ी के आधार पर आरोपी तक पहुंची। घटनास्थल पर आरोपी को देखकर राकेश अग्रवाल के परिजन भी नाराज नजर आए। एसआईटी अब बरामद ब्लेड सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।