रायसेन के गौहरगंज में छह साल की मासूम से दुष्कर्म के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। आरोपी सलमान के हमीदिया अस्पताल में भर्ती होने के दौरान बाहर बड़ी संख्या में हिंदू संगठन एकत्र होकर सख्त कार्रवाई की मांग किया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने अस्पताल परिसर और बाहर भारी बल तैनात कर दिया है।
रायसेन जिले के गौहरगंज में 6 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में पकड़े गए सलमान पर पुलिस की कार्रवाई के बाद हालात गरमाते जा रहे हैं। शॉर्ट एनकाउंटर में घायल होने पर आरोपी को भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी सुरक्षा के लिए अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, लेकिन इसके बावजूद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
विज्ञापन
अस्पताल के बाहर जुटे हिंदू संगठन, तख्तियों के साथ प्रदर्शन
हमीदिया अस्पताल के बाहर सोमवार सुबह से ही कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग जमा होने लगे। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर आरोपी को सख्त सजा देने की मांग की। लोगों का कहना है कि बच्ची के साथ हुई यह घटना किसी भी समाज के लिए अस्वीकार्य है और ऐसे अपराधियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी हरकत करने की हिम्मत न जुटा सके। प्रदर्शन के दौरान पुलिस को भी स्थिति को नियंत्रित करने में काफी सतर्क रहना पड़ा। अस्पताल गेट पर सुरक्षा घेरा बढ़ाया गया है ताकि किसी भी अनहोनी को रोका जा सके।
दरिंदों के लिए जगह नहीं, मंत्री सारंग का सख्त बयान
मामले को लेकर चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने भी कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि हमने पहले ही स्पष्ट किया था कि बच्ची की इज्जत से खेलने वाले किसी भी दरिंदे को छोड़ा नहीं जाएगा। आरोपी ने भागने की कोशिश की, इसलिए पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर किया। इस तरह के अपराधियों के साथ किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार इस घटना को एक मिसाल बनाएगी, ताकि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति ऐसी घिनौनी हरकत करने की कल्पना भी न कर सके।
अस्पताल की सुरक्षा कड़ी, पुलिस चौकन्नी
आरोपी सलमान के इलाज के दौरान किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए अस्पताल के अंदर और बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। वरिष्ठ अधिकारी हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं।