भोपाल में इज्तिमा के आयोजन से पहले रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। 4 से 7 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इज्तिमा में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भोपाल रेल मंडल ने प्लेटफॉर्म नंबर 6 स्थित पार्किंग स्थल को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया है। यह व्यवस्था 28 नवंबर से लागू हो जाएगी। इसके बाद इस पार्किंग में आम लोगों के वाहनों की आवाजाही और पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार, इज्तिमा में शामिल होने के लिए भोपाल पहुंचने वाले लोगों के ठहरने और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 6 के पास स्थित पार्किंग स्थल को चिह्नित किया गया है। इसी वजह से इस स्थान को खाली कराया जा रहा है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि 28 नवंबर से यहां किसी भी तरह के वाहन को प्रवेश नहीं दिया जाएगा और न ही वाहन खड़े करने की अनुमति होगी।
आयोजन से पहले ही खाली कराया जाएगा स्थल
इज्तिमा का आयोजन 4 दिसंबर से शुरू होकर 7 दिसंबर तक चलेगा, लेकिन रेलवे ने तैयारियों के लिए एक सप्ताह पहले ही पार्किंग बंद करने का निर्णय लिया है। 28 नवंबर से पार्किंग बंद होने के बाद यात्रियों और स्टेशन आने वाले आम नागरिकों को अपने वाहनों के लिए दूसरी पार्किंग व्यवस्था तलाशनी होगी।
यह भी पढ़ें-भोपाल में जुटेंगे विपक्ष के दिग्गज: आगामी चुनावों से पहले भाजपा की घेराबंदी, कांग्रेस का क्या है सियासी गणित?
यात्रियों से रेलवे की अपील
पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने यात्रियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे 28 नवंबर से प्लेटफॉर्म नंबर 6 स्थित पार्किंग स्थल का इस्तेमाल न करें। वाहन लेकर वहां पहुंचने से बचें, ताकि इज्तिमा की व्यवस्थाओं में किसी तरह की बाधा न आए और लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। रेलवे प्रशासन ने यह व्यवस्था इज्तिमा में आने वाले लोगों की सुविधा और आयोजन से जुड़ी तैयारियों को ध्यान में रखते हुए की है।