केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके
- फोटो : अमर उजाला
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बयान, मैं आदिवासी हूं, हिंदू नहीं, पर सियासी विवाद छिड़ गया है। कांग्रेस नेता के इस बयान के बाद केंद्र सरकार में मंत्री दुर्गादास उइके समेत भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उइके ने कहा कि आदिवासी समाज किसी से अलग नहीं, बल्कि आदिदेव भगवान महादेव के वंशज हैं। भाजपा नेता ने कहा कि आदिवासी समाज की जड़ें सनातन संस्कृति में गहराई से जुड़ी हुई हैं। आदिवासी समाज को आदिदेव महादेव का वंशज बताते हुए उन्होंने कहा कि अधिकांश जागृत ज्योतिर्लिंग वनांचल क्षेत्रों में स्थित हैं और जनजातीय राजाओं के किलों में मां कंकाली व शिवजी की प्रतिमाएं मिलती हैं। आदिवासी परिवार पीढ़ियों से होली, दीपावली और रक्षाबंधन जैसे त्यौहार मनाते आ रहे हैं। भाजपा ने अपने तर्क को धार्मिक ग्रंथों से भी जोड़ा। ऋग्वेद में प्रकृति पूजा का उल्लेख है और आदिवासी समाज पंचतत्व की ही आराधना करता है। शबरी माता के जूठे बेर भगवान राम द्वारा ग्रहण किए जाने का प्रसंग जनजातीय आस्था को मान्यता देता है।