दिसंबर में होने वाले 79वें आलमी तब्लीगी इज्तिमा की तैयारी
- फोटो : अमर उजाला
ईंटखेड़ी में दिसंबर में होने वाले 79वें आलमी तब्लीगी इज्तिमा में इस बार अस्थाई दुकानें लगाने के लिए सभी धर्मों के लोगों को मौका मिलेगा। आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि दुकान आवंटन के लिए धर्म के आधार पर कोई बंदिश नहीं रहेगी। इच्छुक व्यक्ति आवेदन कर सकेंगे और दुकानों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए 14 और 15 नवंबर को आवेदन लिए जाएंगे। इज्तिमा परिसर में हर साल देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं। ऐसे में परिसर में खाने-पीने और जरूरत के सामान की दुकानें लगाई जाती हैं। इस बार भी दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। समिति के मुताबिक, आवेदन प्रक्रिया पारदर्शी रखने के लिए लॉटरी का सहारा लिया जाएगा।
दो दिन मिलेगा आवेदन का मौका
दुकान लगाने के इच्छुक लोग 14 और 15 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक ईंटखेड़ी स्थित इज्तिमा परिसर में आवेदन जमा कर सकेंगे। आवेदन के साथ आधार कार्ड और तीन पासपोर्ट साइज फोटो देना अनिवार्य होगा। निर्धारित तारीखों के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
लॉटरी से होगा दुकानों का आवंटन
समिति ने साफ किया है कि दुकानों का आवंटन किसी सिफारिश के बजाय लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। इससे आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा। सभी धर्मों के इच्छुक आवेदकों को इसमें शामिल होने का अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़ें-
भोपाल में दिवाली की रात आग का तांडव: तीसरी मंजिल पर फंसा परिवार, 40 फीट ऊंचाई से रस्सी के सहारे तीनों को बचाया
इज्तिमा के नाम पर चंदा मांगने वालों से रहें सावधान
आयोजन समिति ने एक अन्य अपील में कहा है कि इज्तिमा के नाम पर किसी तरह का चंदा नहीं लिया जाता है। यदि कोई व्यक्ति आयोजन के नाम पर पैसे मांगता है तो उसे राशि न दें और इसकी सूचना कमेटी को दें। 79वां आलमी तब्लीगी इज्तिमा 4 से 7 दिसंबर तक ईंटखेड़ी में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर पंडाल, पेयजल, बिजली, शौचालय, सड़क, स्वच्छता और यातायात की तैयारियां जारी हैं। आवेदन और जानकारी के लिए संपर्क नंबर: 9993121208, 9303131799, 9425007289 और 9893540390।