फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP Weather Today: फिर बिगड़ा मौसम, कई जिलों में आंधी-बारिश, खराब मौसम के कारण सीएम का जबलपुर दौरा निरस्त

Thu, 20 Apr 2023 07:26 PM IST
दिनेश शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

सार

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन एवं शहडोल संभागों के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई। जबलपुर में मौसम बिगड़ने के कारण सीएम का दौरा भी निरस्त करना पड़ा। 
विज्ञापन
भोपाल में दिनभर बादल बने रहे। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मध्यप्रदेश के मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ गया। कई जिलों में बारिश-आंधी का असर रहा। दिन का तापमान भी कम हुआ है। हालांकि रात का तापमान 30 डिग्री तक पहुंच गया है।  गुरुवार को जबलपुर, छिंदवाड़ा, उमरिया में ज्यादा असर रहा। जबलपुर में मौसम बिगड़ने के कारण सीएम का दौरा भी निरस्त करना पड़ा। जबलपुर में दोपहर 3 बजे के बाद धूल भरी आंधी चली, इसके कुछ देर बाद ही तेज बारिश शुरू हो गई। 15 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 23 अप्रैल तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है। तीन दिन बाद गर्मी का असर बढ़ जाएगा। 
विज्ञापन


मौसम केंद्र की रिपोर्ट कह रही है कि बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन एवं शहडोल संभागों के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई। अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। मौसम विभाग का पूर्वानुमान कहता है कि नर्मदापुरम, भोपाल, जबलपुर, शहडोल संभाग के जिलों में तथा खंडवा, बुरहानपुर, बड़वानी, खरगोन, धार, इंदौर, सागर, पन्ना, सतना, शाजापुर एवं दमोह जिलों में कहीं-कहीं वर्षा या गरज चमक के साथ बौछारें गिर सकती है। विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है, जिसके मुताबिक नर्मदापुरम, भोपाल, जबलपुर, शहडोल संभाग के जिलों में तथा खंडवा, बुरहानपुर, बड़वानी, खरगोन, धार, इंदौर, सागर, पन्ना, सतना, शाजापुर एवं दमोह जिलों में कहीं-कहीं बिजली गिरने का भी अंदेशा है। 

विज्ञापन


मौसम विभाग के आंकड़ों की बात करें तो प्रदेश के कई इलाकों में बारिश से दिन के तापमान में ज्यादा परिवर्तन नहीं हो रहा है। बादल बने रहने से रात का तापमान जरूर ऊपर जा रहा है। प्रदेश में सबसे गर्म खजुराहो बना रहा। यहां 41.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं टीकमगढ़ की रात सबसे गर्म रही। यहां न्यूनतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया। 

मौसम वैज्ञानिक बता रहे कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास बना हुआ है। पाकिस्तान और उससे लगे पंजाब पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। तेलंगाना से लेकर तमिलनाडु तक एक ट्रफ लाइन भी बनी हुई है। इन तीन वेदर सिस्टम के अतिरिक्त वर्तमान में तीन किलोमीटर की ऊंचाई पर हवाओं का रुख दक्षिण-पश्चिमी बना हुआ है। हवाओं के साथ नमी आने के कारण मध्यम एवं ऊंचाई के स्तर पर बादल बने हुए हैं। वातावरण में नमी होने और तापमान बढ़ा हुआ रहने के कारण गरज-चमक के साथ वर्षा हो रही है। इस तरह की स्थिति शुक्रवार को भी बनी रह सकती है। बादल बने रहने के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। शुक्रवार से मौसम प्रणालियों के कमजोर होने के साथ ही हवाओं का रुख उत्तरी होने की संभावना है। इससे अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने के भी आसार है। 

 
विज्ञापन

उमरिया जिले में आंधी से स्कूल की छत उड़ गई। - फोटो : सोशल मीडिया
बिगड़े मौसम से सीएम का कार्यक्रम निरस्त
जबलपुर में मौसम बिगड़ने के कारण मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का कार्यक्रम-दौरा भी निरस्त करना पड़ा। दोपहर तीन बजे के बाद धूल भरी आंधी चली, इसके कुछ देर बाद ही तेज बारिश शुरू हो गई। बता दें कि सीएम शिवराज को लाडली बहना कार्यक्रम में शामिल होना था। कार्यक्रम 3.30 बजे से था। भोपाल में भी हल्की बूंदाबांदी और बारिश हुई। रात में भी पानी गिरा। नर्मदापुरम के पिपरिया में भी 10 मिनट तेज पानी गिरा, इसके बाद हल्की बूंदाबांदी होती रही। 

आंधी से घरों की छत उड़ी
छिंदवाड़ा में भी दोपहर में आंधी के साथ बारिश हुई। जिले के तामिया विकास खंड के छिंदी गांव के माता मोहल्ले में कच्चे मकान का टीन शेड उड़ गया। मकान शमीम खान और सादिक खान का है। उमरिया जिले में भी तेज बारिश के साथ आंधी और तूफान का कहर देखने को मिला। इसके चलते तामिया के शासकीय स्कूल भवन की छत उड़ गई। जिस समय स्कूल भवन की छत उड़ी उस समय स्कूली बच्चे भी परिसर में मौजूद थे जिन्हें मौका देखते ही दूसरे भवन में शिफ्ट किया गया। नहीं तो यहां पर एक बड़ा हादसा हो सकता था। तामिया स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस की छत दोपहर के बाद चली तेज आंधी से उड़ गई। हालांकि इससे कोई हानि नहीं हुई। दोपहर के बाद अचानक बदले मौसम के मिजाज के कारण कई पेड़ भी धराशाई हो गए जिससे लोगों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। 

प्रदेश के बड़े शहरों का हाल
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
इंदौर 37.6 23
भोपाल 37.5 23.4
ग्वालियर 39.2 26.1
जबलपुर 37.6 22.8  
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें