पिछले 5-6 दिन से मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है जहां तापमान में गिरावट हुई है, वहीं कई जिलों में हल्की बारिश भी हुई है। बुधवार को रंग पंचमी के दिन प्रदेश के 13 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। जबकि भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, शहडोल, चंबल और सागर संभाग में 20-21 मार्च को तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश होने का अलर्ट है। इन जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, वेस्टर्न डिस्टरबेंस और ट्रफ की वजह से प्रदेश में मौसम बदला हुआ है।
हवा की रफ्तार तेज रहेगी
मौसम विभाग के अनुसार, 20 और 21 मार्च को प्रदेश में हवा की रफ्तार अधिक रहेगी। अमूमन 10 से 12 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलती है, लेकिन दो दिन में यह रफ्तार 30 से 50 किमी तक हो सकती है।मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3 दिन यानी, 19, 20 और 21 मार्च को सिस्टम का असर भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, चंबल, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में ही दिखाई जबकि इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम में बारिश, आंधी या गरज-चमक की स्थिति नहीं बनेगी।
यह भी पढ़े-परिवहन घोटाले का सबूत लेकर EOW पहुंची कांग्रेस, मंत्री पर की कार्रवाई की मांग, राजपूत ने किया पलटवार
इसलिए बदल रहा प्रदेश का मौसम
मौसम विभाग की सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया- ट्रफ लाइन गुजर रही है। वहीं, एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस बुधवार से एक्टिव हो रहा है। इस वजह से आंधी, बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। 20 और 21 मार्च को सिस्टम का असर ज्यादा रहेगा। जबकि मार्च के आखिरी महीने में प्रदेश में फिर से गर्मी का असर देखने को मिलेगा। कुछ इलाकों में लू भी चल सकती है। कई शहरों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है। सामान्यत: दिन का तापमान 40 डिग्री से अधिक या सामान्य से 4.6 डिग्री तक अधिक हो तो हीट वेव यानी लू की स्थिति मानी जाती है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में जमीन के भाव 18 प्रतिशत बढ़ाने के प्रस्ताव का विरोध जारी, कल तक दर्ज कर सकते हैं आपत्ति
अगले 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम
- 19 मार्च: छतरपुर, पन्ना, सीधी, सिंगरौली, दमोह, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में हल्की बारिश होने का अनुमान है।
- 20 मार्च: भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, अशोकनगर, विदिशा, सीहोर, रायसेन, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बालाघाट, सिवनी, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, कटनी, मैहर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में गरज-चमक, तेज आंधी और बारिश होने का अलर्ट है।
- 21 मार्च: जबलपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, विदिशा, सीहोर, रायसेन, सागर, दमोह, सतना, रीवा, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट में गरज-चमक और तेज आंधी के साथ बारिश होने का अनुमान है।
- 22 मार्च: रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मंडला और बालाघाट में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अलर्ट है।
ये वीडियो भी देखें...