प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से मौसम बदल गया है। कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है। गुरुवार को भोपाल, सीहोर और सागर समेत कई जिलों में हल्की बारिश हुई। भोपाल में दिन में बादल छाए रहे शाम को हल्की बूंदाबांदी हुई। बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, किसानों की चिंता बढ़ गई। किसानों को खेतों में रखी फसलें खराब होने का डर सता रहा है।
रीवा में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान
बुधवार देर रात रीवा जिले के सिरमौर, गुढ़, जवा, त्योंथर और रायपुर कर्चुलियान में बीती रात तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई। बेमौसम बारिश और ओले गिरने से रबी फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है।
प्रदेश के 17 जिलों में हल्की बारिश
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात में प्रदेश के जबलपुर, रीवा, उमरिया, भोपाल, छिंदवाड़ा, पन्ना, मैहर, सीधी, सिंगरौली, नरसिंहपुर, सिवनी, नर्मदापुरम (पचमढ़ी), सागर, दमोह, कटनी, शहडोल, डिंडौरी और मंडला में हल्की बारिश हुई।
यह भी पढ़ें-आज MP के 7 जिलों में ओले गिरने का अलर्ट, कई जिलों में हल्की बारिश के साथ तेज हवा चलने का अनुमान
अगले दो दिन ऐसा रहेगा मौसम
21 मार्च: मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, सिवनी, मंडला और बालाघाट में ओले, आंधी और गरज-चमक का ऑरेंज अलर्ट है। जबलपुर, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, दमोह, सागर, कटनी, उमरिया, डिंडौरी, अनूपपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, विदिशा, सीहोर, हरदा में गरज-चमक के साथ तेज आंधी और हल्की बारिश हो सकती है।
22 मार्च: सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में बूंदाबांदी और बादल रहेंगे।
यह भी पढ़ें-स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के बजट में 8.78 प्रतिशत की वृद्धि,जिला अस्पताओं में 15 अप्रैल से शव वाहन
कई सिस्टम एक्टिव होने से बदला प्रदेश का मौसम
प्रदेश के मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानिक वेद प्रकाश ने बताया कि दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम एक्टिव होने की वजह से इन दिनों मौसम बदला हुआ है। वहीं, एक टर्फ भी गुजर रहा है। एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस भी एक्टिव हो गया है। इसके असर से प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होगा। 22 मार्च तक प्रदेश में मौसम बदला रहेगा। इसके बाद पूर्वी हिस्से के पारे में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। 25 मार्च से पूरे प्रदेश में गर्मी का असर बढ़ेगा। जबकि मार्च के आखिरी दिनों में प्रदेश में फिर से गर्मी का असर देखने को मिलेगा। कुछ इलाकों में लू भी चल सकती है। कई शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। सामान्यतः दिन का तापमान 40 डिग्री से अधिक या सामान्य से 4 से 6 डिग्री तक अधिक हो तो हीट वेव यानी लू की स्थिति मानी जाती है।