मध्य प्रदेश के मौसम में लगातार उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। आज से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। हवाओं का रूख बदलने और पश्चिमी विक्षोभ के असर से फरवरी के पहले सप्ताह में पूर्वी और दक्षिणी हिस्से में बादल छाने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान तापमान में भी उतार चढ़ाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में अलग-अलग स्थानों पर पांच मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। हवाओं का रुख भी दक्षिणी एवं दक्षिण-पश्चिमी हो गया है।
इसलिए बदलेगा प्रदेश का मौसम
मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानिक वेद प्रकाश ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पूर्वी अफगानिस्तान और उससे लगे पाकिस्तान पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात और पश्चिमी राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में प्रेरित चक्रवात बन गया है।इससे एक द्रोणिका भी संबद्ध है।उत्तर-पूर्व भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम बना हुआ है। 1व 3 फरवरी को दो नए पश्चिमी विक्षोभ आने से प्रदेश के अधिकतर शहरों में बादल छाने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
जाने कैसा रहेगा 4 फरवरी तक प्रदेश का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 1 से 4 फरवरी के बीच रीवा, शहडोल, जबलपुर, सागर, ग्वालियर, चंबल और नर्मदापुरम में बादल छाने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन इंदौर, भोपाल और उज्जैन संभाग में मौसम साफ रहेगा। 2 फरवरी को शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, देवास और आगर मालवा में बारिश के आसार है। 2 फरवरी से ठंड का असर बढ़ेगा, तापमान 2 से 3 डिग्री तक नीचे जा सकता है। 3 फरवरी को कई जिलों बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं।कहीं कहीं घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान कई शहरों का तापमान 7 डिग्री से नीचे जा सकता है।