मध्य प्रदेश के ज्यादातर शहरों में सुबह कोहरा छाया रहा। हालांकि के दिन में धूप खिली रही। अगले 2 से 3 दिनों तक कोहरे का असर बना रहेगा। 6-7 जनवरी के बाद प्रदेश के मौसम में बदलाव आएगा और कई जिलों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि देखने को मिलेगी। रविवार को प्रदेश के अधिकतर जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। फिलहाल प्रदेश की राजधानी भोपाल, जबलपुर, रीवा व ग्वालियर समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है। 15 जनवरी तक भोपाल में कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहेगा, जिससे शीतलहर और कोल्ड-डे देखने को मिलेगा।
प्रदेश न्यूनतम तापमान वाले शहर
शहर न्यूनतम तापमान
शहडोल 4.1
पचमढ़ी 4.5
मंडला 5.0
छतरपुर 6.2
उमरिया 6.3
इसलिए मौसम में उतार-चढ़ाव
वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान एवं उसके आसपास बना हुआ है। उत्तर भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवाओं का रुख उत्तर-पश्चिमी होने लगा है।इसके चलते दिन रात के तापमान में उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। फिलहाल 6-7 जनवरी तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ने के साथ ही एक बार फिर रात के तापमान में गिरावट होने के आसार हैं।
जाने कैसा रहेगा अगले दो दिन मौसम
5 जनवरी रविवार को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में मध्यम से घना कोहरा रहेगा। जबकि 6 जनवरी को कुछ जिलों में कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। रातें भी ठंडी ही रहेंगी।