मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच रविवार को तापमान में कुछ गिरावट आई है। इससे प्रदेश वासियों को राहत मिली। नौतपा के आखिरी दिन प्रदेश में आंधी तूफान के साथ सतना, नर्मदापुरम समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। हालांकि ये प्री-मानसून बारिश बताई जा रही है। मध्य प्रदेश में अभी तक मानसून की एंट्री नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि 15 जून के बाद मध्य प्रदेश में मानसून पहुंच सकता है। इधर, लगातार निवाड़ी का पृथ्वीपुर और छतरपुर का बिजावर सबसे गर्म रहे। पृथ्वीपुर में पारा 45.1 डिग्री और बिजावर में 45 डिग्री दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश में जहां दिन के तापमान में गिरावट आई है, वहीं रात को भी लोगों को राहत महसूस हो रही है।
प्रदेश में पांच डिग्री तक नीचे आया तापमान
मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच शुरू हुई प्री मानसून बारिश के चलते प्रदेश के ज्यादातर शहरों के तापमान में गिरावट आई है। कई शहरों में एक डिग्री से लेकर पांच डिग्री सेल्सियस तक तापमान कम दर्ज किया गया है। रविवार को प्रदेश के लगभग सभी शहरों में पारा एक से पांच डिग्री तक लुढ़क गया। रात के तापमान में भी गिरावट आई है। इधर, राजधानी भोपाल में भी रविवार को करीब चार डिग्री तापमान की गिरावट दर्ज की गई। यहां का तापमान 40.8 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि राजधानी भोपाल में बारिश नहीं हुई, लेकिन बादल छाए रहे।
प्रदेश के बड़े शहरों का अधिकतम तापमान
ग्वालियर 43.5 डिग्री
भोपाल 40.8 डिग्री
इंदौर 40.1 डिग्री
जबलपुर 39.5 डिग्री
उज्जैन 41 डिग्री
नौतपा में पहली बार आठ शहरों का तापमान 40 डिग्री से रहा कम
मध्य प्रदेश में जब से नौतपा शुरू हुआ है ज्यादातर शहरों का तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा है। इस दौरान प्रदेश का तापमान 48 डिग्री से ज्यादा तक पहुंचा है। रविवार को नौतपा में पहली बार आठ शहरों में तापमान 40 डिग्री के काम दर्ज किया गया। इन शहरों में जबलपुर 39.5 डिग्री, पिपरौंध केवीके (कटनी) 39.3 डिग्री, बैतूल 38.7 डिग्री, नर्मदापुर 38.6 डिग्री, मंडला 38.2 डिग्री, सिवनी 38.2 डिग्री, छिंदवाड़ा 38.0 डिग्री, पचमढ़ी 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश के सबसे गर्म 10 शहर (डिग्री सेल्सियस)
ग्वालियर 43.5
भोपाल 40.8
इंदौर 40.1
जबलपुर 39.5
उज्जैन 41
पृथ्वीपुर 45.1
बिजावर 45
शिवपुरी 44.0
टीकमगढ़ 44.0
नौगांव 43.8
ग्वालियर 43.5
सिंगरौली 43.4
गुना 43.4
खजुराहो 43.2
राजगढ़ 42.9
भोपाल में सरकारी चिकित्सकों की छुट्टियां रद्द
राजधानी भोपाल में रविवार को तापमान में कुछ गिरावट आई है लेकिन भीषण गर्मी के चलते अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। जिसे देखते हुए सीएमएचओ भोपाल डॉ. प्रभाकर तिवारी ने सभी सरकारी अस्पतालों के डॉक्टर की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी है। साथ ही मरीजों को धूप और गर्मी से राहत देने के लिए ओपीडी का समय सुबह 8.45 बजे से कर दिया गया है। ये समय पहले 9 बजे से था। पर्चा बनने के बाद दोपहर 2 बजे तक डॉक्टर मरीजों का इलाज करेंगे। शाम की ओपीडी 4.45 से 5.45 बजे तक होगी। शाम 5 से 6 बजे तक डॉक्टर मरीजों का परीक्षण करेंगे। अस्पताल में भर्ती हुए मरीजों की जांच के लिए डॉक्टर दो बार राउंड लगाएंगे।