मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड भोपाल में रहने वाले 289 अनाथ बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए उनकी स्कूल फीस जमा कराएगा। इसके लिए बोर्ड 21 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च करेगा। प्रत्येक बच्चे की फीस के लिए अधिकतम 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। फीस की राशि 13 अक्टूबर को वक्फ बोर्ड कार्यालय परिसर स्थित यतीमखाना ग्राउंड में दी जाएगी। बोर्ड के मुताबिक, यह पहल यतीमखाना संपत्ति से होने वाली आय से की जा रही है। दानदाता की शर्त के अनुसार इस आय का उपयोग जरूरतमंद अनाथ बच्चों की शिक्षा पर किया जाना है। इसके लिए बोर्ड ने समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित कर आवेदन आमंत्रित किए थे। दो बार विज्ञापन जारी करने के बाद मिले आवेदनों की जांच की गई और 289 बच्चों को सहायता के लिए पात्र पाया गया।