फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मध्यप्रदेश: प्रदेश पांच लाख आउटसोर्स कर्मचारियों को राहत, सीएम बोले- किसी की नौकरी नहीं जाएगी

Tue, 24 Nov 2026 09:23 PM IST
Anand Pawar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

सार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आउटसोर्स कर्मचारियों को लेकर चल रही चर्चाओं को भ्रामक बताया है। कहा- मौजूदा नियुक्ति व्यवस्था जारी रहेगी, किसी कर्मचारी को बाहर नहीं किया जाएगा।

 

विज्ञापन
सीएम डॉ. मोहन यादव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मध्यप्रदेश में आउटसोर्स कर्मचारियों को हटाने की चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों को बाहर करने की बात भ्रामक है। राज्य सरकार किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी को नहीं हटाएगी और उनकी नियुक्ति की मौजूदा व्यवस्था जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कर्मचारी कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान होगी, तभी प्रदेश प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ेगा।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास के संवाद भवन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष रमेश शर्मा के नेतृत्व में करीब 40 कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर स्वागत किया। संगठनों ने शासकीय सेवकों के लिए दो संतान की सीमा समाप्त करने, पदोन्नति देने और वेतन-भत्तों में वृद्धि सहित कर्मचारी हित में लिए गए फैसलों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

ये भी पढ़ें- मध्यप्रदेश: पिता 25 साल ट्रेन में सफर करते रहे, बेटा एसपी-बेटी आईएएस बनीं, अब बेटी की आईएएस से शादी
विज्ञापन


एक लाख से अधिक कर्मचारियों को मिला पदोन्नति का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी सरकार की ताकत और पहचान उसके कर्मचारियों से होती है। सरकार नीतियां और योजनाएं बनाती है, लेकिन उन्हें जमीन पर उतारकर अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का काम कर्मचारी ही करते हैं। इसलिए कर्मचारियों का सम्मान और उनके परिवार की आर्थिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी विभागों में एक लाख से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। इससे कई विभागों में युवा और ऊर्जावान कर्मचारियों की संख्या बढ़ी है। सहायक ग्रेड-3 के समकक्ष पदों पर पदोन्नति के लिए कुछ शर्तों के साथ सीपीसीटी की अनिवार्यता से भी छूट दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में रिक्त पदों पर भर्ती का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

26 तरह के भत्तों का किया पुनरीक्षण
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने कम्प्यूटर प्रोफिशिएंसी सर्टिफिकेट टेस्ट सहित करीब 26 प्रकार के भत्तों का पुनरीक्षण किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कर्मचारियों के वेतन और भत्तों के भुगतान में देरी नहीं होनी चाहिए। दिवंगत शासकीय कर्मचारियों के परिवारों को राहत देने के लिए अनुकंपा नियुक्ति के मामलों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग में ही एक हजार से अधिक अनुकंपा नियुक्तियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को महंगाई भत्ता देने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की सहमति लेने की पुरानी व्यवस्था को भी समाप्त कर दिया गया है। कर्मचारियों की समस्याओं और उनके विभिन्न मुद्दों को समझने के लिए मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग का गठन किया गया है।

ये भी पढ़ें-  एमपी भाजपा का मिशन 2028: 230 सीटों पर उतरेंगी सेवा-दूतों की फोज, बनेगा हर विधानसभा का रिपोर्ट कार्ड
विज्ञापन


कर्मचारी संगठनों ने फैसलों को बताया सराहनीय
भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं का निराकरण किया है। प्रदेश में पदोन्नति, सरकारी नियुक्तियों और वेतन विसंगतियों से जुड़े मामलों में सकारात्मक फैसले लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश का इकलौता राज्य है, जहां कर्मचारी कल्याण आयोग और कर्मचारी कल्याण समिति दोनों काम कर रहे हैं।

समारोह में मध्यप्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष संतोष कुमार गांधी, लघु वेतन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, शिक्षक कांग्रेस के अध्यक्ष नवीन चतुर्वेदी, राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष हेमंत श्रीवास्तव, अनुसूचित जाति-जनजातीय अधिकारी-कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष मुकेश मौर्य, संविदा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रमेश राठौर, सचिवालय मंत्रालय शीघ्रलेखक संघ के अध्यक्ष सुभाष वर्मा, नगर निगम और नगर पालिका कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सोलंकी सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र श्रीवास्तव ने किया।


 

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें