फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP Politics: पटवारी ने संभाली MP कांग्रेस की कमान, बोले- बीजेपी को हराना है, मेनिफेस्टो का वादा पूरा करे सरकार

Tue, 19 Dec 2023 10:26 PM IST
नितिन तिवारी न्यूज डेस्क अमर उजाला भोपाल

सार

कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने जीतू पटवारी को मध्यप्रदेश कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। उन्होंने मंगलवार को पदभार ग्रहण कर लिया, अब उनकी पहली परीक्षा सामने आ रहे लोकसभा चुनाव में होगी।
विज्ञापन
कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को करीब रात नौ बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय इंद्रा भवन पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। उन्हें दोपहर में तीन बजे ज्वाइनिंग लेनी थी, लेकिन इंदौर से भोपाल आते-आते उन्हें आठ घंटे से अधिक का समय लग गया।

विज्ञापन


इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी मौजूद रहे। जीतू भोपाल में रोड शो करते हुए तीन घंटे में पीसीसी पहुंचे। उनके स्वागत के लिए शहर में जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए थे। जहां सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई। पटवारी का काफिला बैरागढ़ पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में खासा जोश दिखाई दिया। लालघाटी चौराहा पर बने मंच पर ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार के साथ पटवारी का स्वागत किया। इसके बाद वे पुराने भोपाल के इमामी गेट, बुधवारा, लिली टॉकीज, रोशनपुरा, लिंक रोड नंबर वन होते हुए पीसीसी पहुंचे। पटवारी ने कहा कि 2024 का लक्ष्य सामने है। भाजपा को हराना है। युवा टीम और वरिष्ठ नेताओं के अनुभव के साथ आगे बढूंगा। राहुल गांधी और पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी ईमानदारी से निभाउंगा।

कमलनाथ और दिग्विजय नहीं पहुंचे 
जीतू पटवारी के पदभार ग्रहण करते समय कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद नहीं रहे। पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचोरी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने जीतू पटवारी के पदभार के कार्यक्रम से दूरी बनाई। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा और पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल इस मौके पर मौजूद रहे।
विज्ञापन


JCB से पहनाई माला
भोपाल के लिए टॉकीज चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने अपने नए प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत जेसीबी से माला पहनाकर किया। पटवारी को कार्यकर्ताओं ने 50 फीट की माला पहनाई। पटवारी यहां खुली जीप में सवार होकर चल रहे थे। इसके साथ ही लिंक रोड एक पर पटवारी के लिए बैलगाड़ी भी तैयार की गई थी। पदभार ग्रहण करने से पहले पटवारी इंदौर से उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे भोपाल के लिए निकले। इस दौरान पटवारी के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। उनके साथ 100 से अधिक कारों का काफिला चल रहा था।

कांग्रेस में पीढ़ी परिवर्तन
कांग्रेस ने युवा नेताओं को प्रदेश की कमान सौंपते हुए पीढ़ी परिवर्तन का संदेश दिया है। दरअसल, विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के गिरते मनोबल को उठाने के लिए पार्टी हाईकमान ने बदलाव का फैसला लिया। इसके बाद कमलनाथ के हाथ से मध्यप्रदेश की जिम्मेदारी वापस लेते हुए युवा नेता पूर्व मंत्री जीतू पटवारी को दे दी। इसके साथ ही विधानसभा में भी कांग्रेस ने युवा चेहरों को मौका देते हुए उमंग सिंघार को नेता प्रतिपक्ष और हेमंत कटारे को उपनेता प्रतिपक्ष बनाया है। 

लोकसभा पर नजर 
जीतू पटवारी के प्रदेश अध्यक्ष बनते ही पार्टी हाईकमान को उनसे खासी उम्मीदें रहेंगी। जहां एक और उनके कंधे पर पार्टी कार्यकर्ताओं को जोड़ने का जिम्मा रहेगा। वहीं, कांग्रेस में फैली गुटबाजी से निपटने की बड़ी चुनौती भी रहेगी। वरिष्ठ नेताओं से सामंजस्य बैठाने का प्रयास उन्हें करना होगा। इसके साथ ही लोकसभा चुनाव में उनकी असली परीक्षा होगी, जो आगे उनके राजनीतिक भविष्य को तय करेगा। 

राहुल गांधी के करीबी
पटवारी को राहुल गांधी की पसंद माना जाता है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी के कहने पर ही पार्टी हाईकमान ने कई दावेदारों को नजरंदाज करते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दिलवाई है। राहुल और पटवारी की जुगलबंदी भी कई बार देखने को मिल चुकी है। मंदसौर में हुए किसान गोलीकांड के दौरान दोनों ही दो पहिया वाहन से पीड़ितों से मिलने के लिए निकल गए थे। इसके बाद भारत जोड़ो यात्रा में भी पटवारी राहुल के साथ कदमताल करते नजर आए थे।

पटवारी का पहला संबोधन
पद भार ग्रहण करते ही पटवारी ने सरकार के सामने कई मुद्दे उठाए। उन्होंने मांग की कि सरकार गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपये कुंतल करें। धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपये क्विंटल करें। गैस सिलेंडर 450 रुपये में दें। भारतीय जनता पार्टी अपने मेनीफेस्टो के वादे निभाए। महिलाओं को 3000 रुपये लाड़ली बहना योजना में देने का वादा चुनाव में किया गया था, उसे पूरा किया जाए। हर परिवार को रोजगार दिया जाए।

आगे पटवारी ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के निर्विरोध निर्वाचन का समर्थन कर कांग्रेस ने सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाई है। मध्यप्रदेश विधानसभा से पंडित जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर निकालकर भाजपा ने अन्याय किया है। हम डॉक्टर अंबेडकर की प्रतिमा लगाने का स्वागत करते हैं। लेकिन वहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, राष्ट्र निर्माता पंडित जवाहरलाल नेहरू और संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर तीनों की तस्वीर लगनी चाहिए थी। हम पूरे प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का मेनिफेस्टो लेकर जाएंगे और उन पर मेनिफेस्टो पूरा करने का दबाव बनाएंगे। अगर बीजेपी मेनिफेस्टो के वादे जल्द पूरा नहीं करती है तो भोपाल में दो लाख लोगों की विशाल रैली करके उन पर वचन पूरा करने के लिए दबाव बनाया जाएगा। हम सबको लोकसभा चुनाव की तैयारी में लगना है। मैं मुझे अध्यक्ष बनाने के लिए राहुल गांधी, कमलनाथ, मल्लिकार्जुन खरगे, दिग्विजय सिंह सहित सभी नेताओं के चरणों में सिर रखकर उन्हें प्रणाम करता हूं।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें