जंबूरी मैदान में पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुई धक्का मुक्की
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को भाजपा कार्यकर्ता महाकुंभ में शामिल हुए। यहां पर कई अव्यवस्था देखने को मिली। प्रवेश को लेकर मंत्री और कार्यकर्ताओं की पुलिसकर्मियों से धक्का मुक्की हुई है। पुलिसकर्मी कार्यकर्ताओं को उनकी ही व्यवस्था में लगे होने की बात कहते दिखाई दिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस ने वीआईपी गेट पर प्रवेश रोक दिया। इसके चलते कई नेता और मंत्री बाहर ही रह गए। जिनको पुलिस कर्मियों ने अंदर जाने से रोक दिया। इस बीच ऊर्जा मंत्री प्रद्यूम सिंह तोमर भी अपने समर्थकों के साथ वीआईपी गेट से प्रवेश करने पहुंचे। इस पर सुरक्षा कर्मियों ने पहले तो उनको रोक दिया। इस पर पीछे से उनके समर्थकों ने चिलाया कि मंत्री है। इसके बाद एक अधिकारी ने प्रद्यूम सिंह तोमर को अंदर जाने दिया। हालांकि उनके समर्थकों को रोक दिया। इसी तरह मंत्री राजेंद्र शुक्ल भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। मंत्री के अंदर जाने के बाद उनके समर्थक भी अंदर जाने का प्रयास करने लगे, लेकिन सुरक्षाकर्मियों से उनकी धक्का मुक्की हुई और उनको प्रवेश नहीं दिया।
एसपी एसटीएफ से भी धक्का मुक्की
वहीं, एक दूसरे गेट पर भी पुलिस कर्मियों और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का मुक्की देखने को मिली। यहां पर पुलिस के प्रवेश बंद करने के बाद नेता और कार्यकर्ता जबरन अंदर घुसने लगे। इस दौरान एसपी एसटीएफ राजेश सिंह भदौरिया कार्यकर्ताओं रोकते दिखे। हालांकि नेताओं के साथ उनके समर्थकों की संख्या के आगे पुलिस कर्मी बेबस नजर आए।