भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद वी. डी. शर्मा
- फोटो : Twitter
मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव है। इससे पहले कांग्रेस आदिवासी के खिलाफ हो रहे अत्याचार पर भाजपा को घेरने स्वाभिमान यात्राएं निकालने जा रही है। इस पर वीडी शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि केवल झूठ और छल की यात्राएं है।
प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने देश में 55 सालों से अधिक राज किया, लेकिन जनजातीय भाईयों और बहनों के लिए कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। केवल झूठ बोलकर वोट बैंक की राजनीति जनजातीय वर्ग के साथ हुई। आज कांग्रेस चुनाव आते ही आदिवासी यात्राएं निकाल रही है, यह यात्राएं केवल झूठ और छल फैलाने की यात्राएं हैं, लेकिन मध्यप्रदेश के जनजातीय बंधु कांग्रेस के इस भ्रम में नहीं आने वाले। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में 15 महीने मिस्टर बंटाढार के इशारे पर कमलनाथ सरकार चली, उन्होंने मध्यप्रदेश के जनजातीय बंधुओं के हित और अधिकारों का हनन किया। जबकि भारतीय जनता पार्टी ने सदैव आदिवासियों के हित की योजनाओं को साकार किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय गौरव दिवस मनाकर इस वर्ग का सम्मान बढ़ाया, तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पेसा एक्ट लागू कर उनको हक और अधिकार देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ झूठ की गारंटी देती है।