भोपाल में जिला प्रशासन ने दो कोचिंग सेंटर पर गुरुवार को कार्रवाई की है। दोनों में फायर सेफ्टी का उल्लंघन किया जा रहा था। इसके अलावा एक गेम जोन और एक कैफे पर भी कार्रवाई हुई है। एमपी नगर एसडीएम एलके खरे ने बताया कि कोचिंग सेंटर, गेम जोन और कैफे संचालक को फायर सेफ्टी का इंतजाम करने को कहा गया था, लेकिन उन्होंने निर्देशों का पालन नहीं किया। उन्होंने बताया कि रिजोनेंस एवं स्टेप अप कोचिंग सेंटर के कार्यालय को सील किया गया है। बच्चों की पढ़ाई का ध्यान रखते हुए कक्षाओं को सील नहीं किया गया। इसके अलावा इंफिनिटी गेम जोन एवं एक कैफे को भी सील करने की कार्रवाई की गई है। बता दें, 12 जून को भोपाल कलेक्टोरेट सभाकक्ष में एडीएम हिमांशु चंद्र ने कोचिंग संस्थानों, रेस्टॉरेंट और होटल संचालकों की बैठक ली थी। इसमें उन्होंने कहा था कि जिनके पास फायर सेफ्टी की एनओसी नहीं है और हाइड्रेंट सिस्टम नहीं लगा है, वे सभी एक सप्ताह के भीतर आवश्यक व्यवस्थाएं कर रिपोर्ट प्रस्तुत कर दें।
निर्देश के 15 दिन बीत जाने के बाद भी कई संस्थाओं ने फायर सेफ्टी के इंतजाम नहीं किए। इसलिए गुरुवार को जांच करने के लिए प्रशासन को मैदान में उतरना पड़ा। शिक्षा विभाग के अभिषेक वैश्य व अन्य विभागों के द्वारा संयुक्त निरीक्षण में पाया कि रिजोनेंस एवं स्टेप अप कोचिंग एम पी नगर द्वारा आदेश का पालन नहीं किया गया। इसी का पालन न करने के कारण दोनों कोचिंग के कार्यालय को सील कर दिया है। बच्चों की पढ़ाई का ध्यान रखते हुए कक्षाओं को सील नहीं किया है। इसी के साथ एमपी नगर स्थित इंफिनिटी गेम ज़ोन एवं एक कैफे को भी फायर सिस्टम के नॉर्म्स का पालन न करने का कारण सील कर दिया गया है।