भोपाल में वन विभाग के कार्यालय से चंदन के पेड़ की चोरी
- फोटो : अमर उजाला
भोपाल में वन संरक्षण से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्थाओं पर बड़ा सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। शहर के सबसे सुरक्षित 74 बंगला क्षेत्र में स्थित मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) कार्यालय परिसर से चोर चंदन का पेड़ काटकर ले गए। आश्चर्य की बात यह है कि यह वही विभाग है जिसके पास प्रदेश के वनों और पेड़ों की सुरक्षा की जिम्मेदारी होती है। देर रात अज्ञात चोरों ने कार्यालय परिसर में खड़े तीन चंदन के पेड़ों को आरी से काट डाला, जिनमें से एक पेड़ को उठाकर ले जाने में चोर सफल रहे, जबकि बाकी दो पेड़ वहीं कटे हुए मिले। घटना का पता सुबह कर्मचारियों की मौजूदगी के बाद चला। इसके बाद वन विभाग ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।