राज्य सरकार ने हरदा के ग्राम बैरागढ़ थाना सिविल लाइन में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट की घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है। प्रमुख सचिव गृह संजय दुबे की अध्यक्षता में गठित समिति के दो सदस्यों में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुप्तवार्ता जयदीप प्रसाद और लोक निर्माण विभाग के सचिव आरके मेहरा हैं। समिति को घटना के कारण की विस्तृत जांच, आयुध अधिनियम के तहत विस्फोटकों का संधारण एवं मध्य प्रदेश औद्योगिक नियोजन संशोधन अधिनियम 1961 में निहित प्रावधानों के पालन की समुचित कार्यवाही के संबंध में जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। समिति को किन परिस्थितियों में घटना घटित हुई, घटना के लिए प्रत्यक्ष व परोक्ष रूप से दोषी अधिकारी/ कर्मचारी की जिम्मेदारी तय करना और इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न होने के संबंध में अनुसंशाएं करने का निर्देश दिया गया है।
राहत और बचाव कार्य के लिए भी समिति गठित
इस समिति का अध्यक्ष लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान को बनाया गया है। इसके अलावा चार सदस्य धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के अपर मुख्य सचिव अजीत केसरी, नगरीय विकास एवं आवास विभाग के एसीएस नीरज मंडलोई, होमगार्ड महानिदेशक अरविंद कुमार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अलोक रंजन है। वहीं, गृह विभाग के प्रमुख सचिव संजय दुबे सदस्य सचिव हैं।