रोशनपुरा पर प्रदर्शनकारियों पर वॉटर केनन चलाते पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी में IAS अधिकारी संतोष वर्मा के बयान को लेकर ब्राह्मण समाज ने सड़कों पर उतरकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए अपने आक्रोश का इजहार किया और कुछ लोगों ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। रविवार को रोशनपुरा चौराहे पर प्रदर्शन के लिए लोग बड़ी संख्या में एकजुट हुए। ग्वालियर के एडवोकेट अनिल मिश्रा के नेतृत्व में पहुंचे हुए थे। प्रदर्शन स्थल पर लोगों ने तिरंगा और भगवा झंडे पकड़े हुए थे, साथ ही हाथों में स्लोगन लिखे बोर्ड भी थे, जिनमें बेटी और परिवार के सम्मान की बात लिखी थी। प्रदर्शनकारियों ने जोर देकर कहा कि किसी भी समुदाय की बेटियों का अपमान सहन नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारी आईएएस संतोष वर्मा की गिरफ्तारी और सेवा से बर्खास्तगी की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारी सीएम आवास की तरफ बढ़े और बेरिकेडिंग को तोड़ने की कोशिश की। पुलिस की चेतावनी के बावजूद नहीं मानने पर पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान कुछ लोगों की पुलिस के साथ धक्का मुक्की हुई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गाड़ी में बैठा कर रातीबढ़ ले गई। जिसके बाद प्रदर्शन शांत हुआ।