पुलिस ने बड़ी मात्रा में शराब जब्त की है।
- फोटो : सोशल मीडिया
आगामी लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए भोपाल पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बैरसिया और आसपास के थानों की पुलिस ने ग्राम करारिया स्थित कंजर टपरों पर रविवार तड़के छापा मारा। पुलिस ने यहां से देशी-विदेशी और हाथ भट्टी से बनी करीब 12.78 लाख रुपये की अवैध शराब, पांच मोटर सायकिल और बड़ी मात्रा में महुआ लहान जब्त किया। इस कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि पांच आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहे। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है। एसपी देहात प्रमोद कुमार सिन्हा ने बताया कि ग्राम करारिया में असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध रूप से शराब का निर्माण और भंडारण किए जाने की सूचना मिली थी।
इस पर बैरसिया, नजीराबाद, गुनगा, ईंटखेड़ी थानों की पुलिस के साथ ही कंट्रोल रूम के बल बुलाकर अलग-अलग टीमें बनाई गई। इन टीमों ने रविवार तड़के करीब एक दर्जन वाहनों में सवार होकर पूरे गांव को चारों तरफ से घेर लिया। सर्चिंग के दौरान एक व्यक्ति को पकड़ा गया, जबकि पांच अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। कंजर टपरों में तलाशी लेने पर अवैध रूप से रखी देशी-विदेश और हाथ भट्टी से बनी कच्ची शराब जब्त की गई। इनमें देशी 133 पेटी, विदेशी 54 पेटी और कच्ची शराब 610 लीटर जब्त हुई। साथी 12 सौ लीट महुआ लहान जब्त किया गया। अवैध शराब की तस्करी में उपयोग की जाने वाली पांच मोटर सायकिलें भी जब्त हुई हैं। इस प्रकार कुल 12 लाख 78 हजार 440 रुपये का माल जब्त हुआ। 1200 किलोग्राम महुआ लहान को मौके पर नष्ट कराया गया। इसकी कीमत करीब एक लाख बीस हजार रुपये होती है।