पीएम नरेंद्र मोदी की माता हीरा बेन का निधन
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता हीरा बेन को श्रद्धांजलि अर्पित की है। हीरा बेन का शुक्रवार सुबह अहमदाबाद के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। सीएम शिवराज ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर कहा कि भक्ति, तपस्या और कर्म की त्रिवेणी, नरेंद्र मोदी जी जैसे महान व्यक्तित्व को गढ़ने वाली मां के चरणों में सादर प्रणाम। पूज्य मां सदैव प्रेरणा बनी रहेगी।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मां के अवसान से बढ़कर कोई अपूर्णीय और असहनीय क्षति नहीं हो सकती। पूज्य मां हीरा बा का जीवन त्याग, तपस्या और कर्मठता का प्रेरणादायी उदाहरण हैं। अपने अशं को शक्तिपुंज बनाकर राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित करने वाली पूज्य मां के चरणों में मैं अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने निधन पर दु:ख जताते हुए कहा कि अत्यंत दु:खद समाचार। पूज्य माताजी के श्रीचरणों में भावपूर्ण श्रद्धांजलि। परमपिता से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में विश्रांति दें।