भोपाल के पिपलानी थाना क्षेत्र में एक पटाखा व्यापारी को बंधक बनाया। उसके कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो बनाकर 10 लाख रुपये की अड़ीबाजी करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक-युवती ने अश्लील वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल करते हुए 27 हजार रुपये भी ऐंठ लिए हैं। फरियादी ने पुलिस में शिकायत कर दी। पुलिस ने अड़ीबाजी का मामला दर्ज कर आरोपी युवक-युवती को गिरफ्तार कर लिया है। युवती आरोपी युवक की दुकान में नौकरी करती है। पीड़ित व्यापारी पिपलानी थाना क्षेत्र में रहता है और घटना अयोध्या नगर थाना क्षेत्र में की गई है।
पिपलानी पुलिस के अनुसार, पटाखे की दुकान चलाने वाले 42 साल के संजय सोनी ने थाने में शिकायत की थी कि करीब दस दिन पहले ही उसकी पहचान पूजा शर्मा नाम की युवती से हुई है। पूजा शर्मा ने पार्ट टाइम व्यापार करने का ऑफर दिया था। चूंकि पटाखे का कारोबार वर्तमान में कम चल रहा है। इस कारण मैंने पूजा से पार्ट टाइम बिजनेस के संबंध में संपर्क किया। पूजा ने उन्हें अयोध्या नगर स्थित सुदामा सनसिटी के मकान नंबर 87 बुलाया, जहां फ्यूचर इंटर प्राइजेज के नाम से उसका कार्यालय है। घटना वाले दिन फरियादी दोपहर करीब 1:45 बजे जालसाज युवती के कार्यालय पहुंचा। वहां युवती ने पटाखा व्यापारी संजय सोनी को बातों में उलझाकर रखा।
फरियादी ने पुलिस को बताया कि पूजा ने कहा कि इस कार्यालय के बॉस साहिल सर हैं, जो आने वाले हैं। उनके आने से सहले हैं, आपको अंदर के कमरे में रखी दोना-पत्तल बनाने की मीशन दिखा देती हूं। पूजा के झांसे में आकर व्यापारी अंदर के कमरे में मशीन देखने चला गया। जैसे ही फरियादी अंदर के कमरे में गया, पूजा ने उस कमरे का दरवाजा बंद कर रेप केस में फंसाने की धमकी देते हुए कपड़े उतारने को बोलने लगी। झूंठे रेप केस में फंसाने की धमकी देते ही फरियादी ने अपने कपड़े उतारना शुरू कर दिया। इस पूरे घटनाक्रम का पूजा ने मोबाइल या किसी गुप्त कैमरे से वीडियो बना लिया।
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगे दस लाख...
थाना प्रभारी ने बताया, वीडियो बनते ही फरीद खान उर्फ साहिल भी दूसरे दरवाजे से उस कमरे में आ गया और दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देते हुए 10 लाख रुपये की अड़ी डाल दी। फरियादी ने पैसे देने से मना किया तो आरोपी ने उसकी जेब में रखे 7,500 रुपये छीन लिए। इतना ही नहीं केस में नहीं फंसाने के लिए 20 हजार रुपये भी ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। कुल 27 हजार रुपये लेने के बाद भी फरीद खान उर्फ साहिल और पूजा शर्मा व्यापारी संजय सोनी पर 10 लाख रुपये की अड़ीबाजी कर रहे थे।
जैसा पूजा कहती है वैसा करो...
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-2 राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि फरीद ने फरियादी से रुपए के साथ पांच तोला वजनी सोने का चेन भी छीन लिया। इसके बाद बोला की जैसा पूजा कहती है, वैसा करो, नहीं तो रेप के केस में फंसा दूंगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर पूजा और फरीद उर्फ साहिल खान का गिरफ्तार कर लिया है। साहिल भोपाल का रहने वाला है, जबकि पूजा मूलत: नर्मदापुरम की रहने वाली है। पूजा शर्मा फरीद के यहां नौकरी करती है। जिस मोबाइल से व्यापारी का वीडियो बनाया गया है, वह साहिल का है। पुलिस पूछताछ कर रही है कि आरोपियों ने पहले भी किसी को इस तरह से जाल में फंसाकर ब्लैकमेल तो नहीं किया है।