लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा चुनाव आयोग
- फोटो : अमर उजाला
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्यक्रम 6 जनवरी से 22 जनवरी तक चल रहा है। यह कार्यक्रम प्रत्येक मतदान केंद्र पर चल रहा है। इसके तहत 13 जनवरी को हमने विशेष शिविर का आयोजन किया था। अब 20 जनवरी को एक विशेष शिविर का आयोजन होने जा रहा है। इस दिन बीएलओ मतदान केंद्र क्षेत्र के घर-घर जाते हैं। इसमें मतदाता सूची में नाम नहीं है तो नाम जोड़ने की कार्रवाई करते हैं और यदि हटाया जाना है तो हटाने की कार्रवाई करते हैं। यदि किसी प्रकार का संशोधन कराना है तो उसके अनुसार फॉर्म भरते हैं। अनुपम राजन ने नवमतदाताओं से अपील की है कि जो 1 जनवरी 2024 को 18 साल के हो गए हैं, वे मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाएं। वे ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं। यदि ऑफ लाइन फॉर्म भरना चाहते हैं तो बीएलओ के पास फॉर्म 6 उपलब्ध है। उन्होंने नवमतदाताओं से अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की अपील की ताकि आगामी लोकसभा चुनाव में वे अपने मत का प्रयोग कर सकें।
25 नवंबर को मतदाता दिवस
मंत्रालय स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल पार्क में 14 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ 25 जनवरी को प्रात: 11 बजे दिलाई जाएगी। देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए मताधिकार करने की शपथ अधिकारी-कर्मचारी लेंगे। सभी को निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मतधिकार का प्रयोग करने की शपथ भी दिलाई जाएगी।